
Arjuna Ranatunga net worth: अरे यार ये कब आउट होगा? नब्बे के दशक में कुछ चुनिंदा क्रिकेटरों के लिए ही यह पूछा जाता था और इसमें एक नाम अर्जुन रणतुंगा का भी था। श्रीलंकाई क्रिकेट को नई ऊंचाई देने वाले रणतुंगा की कप्तानी में उनका देश पहली बार विश्व विजेता बना। क्रिकेट में बेजोड़ प्रदर्शन करने वाले अर्जुन रणतुंगा बाद में राजनीति में उतरे और वहां भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। वह श्रीलंका के पेट्रोलियम मंत्री बने। अब उन पर गिरफ़्तारी की तलवार लटक रही है। दरअसल, आरोप है कि अर्जुन के पेट्रोलियम मंत्री रहने के दौरान भ्रष्टाचार हुआ।
मीडिया रेपोर्ट्स के अनुसार, अर्जुन रणतुंगा इस समय विदेश में हैं और वापस लौटते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। अर्जुन के बड़े भाई धम्मिका रणतुंगा की भी गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन वह फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। दोनों भाइयों पर भ्रष्टाचार करने और श्रीलंका को 23.5 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। दोनों पूरी तरह से आरोपों के चक्रव्यूह में फंस गए हैं। कुछ साल पहले अर्जुन रणतुंगा तब चर्चा में आए थे जब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उनसे दो अरब रुपए हर्जाने की मांग की थी। बोर्ड ने कहा था कि रणतुंगा ने अपने बयानों से बोर्ड की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है।
रणतुंगा ने 1996 में श्रीलंका को विश्व विजेता बनाया था। साल 2000 में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लिया और 2001 में राजनीति में उतर आए। वह 2015 से 2019 तक श्रीलंका सरकार में मंत्री भी रहे। हालांकि, इस दौरान भी क्रिकेट को लेकर उनके बयान सामने आते रहे। अर्जुन रणतुंगा एक खिलाड़ी और राजनेता होने के साथ-साथ निवेशक भी हैं। उन्होंने कई अलग-अलग सेक्टर में निवेश किया है। 2023 में उन्होंने एक भारतीय कंपनी के साथ साझेदारी का ऐलान किया था।
पूर्व क्रिकेटर ने भारतीय कंपनी इलेक्ट्रिक वन मोबिलिटी से हाथ मिलाकर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के कारोबार में उतरने की घोषणा की थी। उस समय यह सामने आया था कि अर्जुन भारतीय कंपनी के साथ एक जॉइन्ट वेंचर बनाएंगे और श्रीलंका के इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में संभावनाएं तलाशेंगे। इलेक्ट्रिक वन मोबिलिटी में रणतुंगा ने कितना निवेश किया, यह सामने नहीं आया। हालांकि, उन्होंने बताया था कि अगले तीन वर्षों के दौरान यह जॉइन्ट वेंचर 50 लाख डॉलर का निवेश करेगा। EV का मार्केट जोर पकड़ रहा है और अर्जुन को पहले ही यह अहसास हो गया था कि इस सेक्टर में ग्रोथ की काफी संभावनाएं हैं।
अर्जुन रणतुंगा एक लग्जरी लाइफस्टाइल जीते रहे हैं। उनकी नेटवर्थ 12-15 मिलियन डॉलर के आसपास है। Mabumbe की रिपोर्ट में बताया गया है कि रणतुंगा 12-15 मिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। यह दौलत उन्होंने क्रिकेट एंडोर्समेंट और कमेंट्री के साथ-साथ अलग-अलग सेक्टर में किए निवेश से कमाई है। पूर्व कप्तान ने टूरिज्म सेक्टर में भी पैसा लगाया है।