
Petrol Diesel Price on 16th June 2026: वित्त मंत्रालय ने डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी है। ये बढ़ी हुई दरें मंगलवार से लागू हो गई हैं। उधर यूएस-ईरान पीस डील के चलते क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। कीमतें अब 80 डॉलर के करीब आ गई हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने US-ईरान के बीच पीस डील का ऐलान किया, जिसके बाद सोमवार को क्रूड ऑयल में बड़ी गिरावट देखी गई। मंगलवार सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर WTI क्रूड 0.09 फीसदी या 0.07 डॉलर की गिरावट के साथ 80.68 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, ब्रेंट क्रूड इस समय 0.26 फीसदी या 0.22 डॉलर की गिरावट के साथ 82.95 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करा दिखा। दो हफ्ते पहले यही कीमत 95 डॉलर के करीब थी।
वित्त मंत्रालय ने डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी 13.5 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति लीटर और ATF पर 9.5 रुपये से बढ़ाकर 12.5 रुपये प्रति लीटर कर दी। इन दरों को मंगलवार से लागू कर दिया गया है। वहीं, पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई।
इसे समझने के लिए थोड़ा पीछे जाना होगा। यह एक्सपोर्ट ड्यूटी, जिसे स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) कहा जाता है, हर दो हफ्ते में अंतरराष्ट्रीय कीमतों के औसत के आधार पर तय होती है। यानी आज की कीमत नहीं, बल्कि पिछले दो हफ्तों की औसत कीमत देखी जाती है। उस दौरान क्रूड महंगा था, इसलिए यह ड्यूटी बढ़ाई गई।
यह व्यवस्था पहली बार 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान लागू की गई थी। इसके बाद 2024 में इस व्यवस्था को हटा दिया गया। लेकिन इस साल 27 मार्च को मिडिल ईस्ट संकट के बाद इसे दोबारा लागू करना पड़ा। तब डीजल पर ड्यूटी 21.5 रुपये और ATF पर 29.5 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब काफी कम हो चुकी है।
भारत में हर शहर में पेट्रोल-डीजल के दामों में अंतर होता है ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य सरकार द्वारा लगाया जाने वाला वैट अलग-अलग होता है। भारत के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम निम्न हैं-
| शहर | पेट्रोल (₹/लीटर) | डीजल (₹/लीटर) |
|---|---|---|
| नई दिल्ली | 102.12 | 95.20 |
| मुंबई | 111.21 | 97.83 |
| कोलकाता | 113.51 | 99.82 |
| चेन्नई | 108.01 | 99.66 |
भारत बड़े पैमाने पर क्रूड ऑयल इंपोर्ट करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय लेवल पर हर उतार-चढ़ाव का सीधा असर यहां पड़ता है। अगर US-ईरान डील पक्की होती है और होर्मुज स्ट्रेट खुलता है, तो आने वाले हफ्तों में SAED घट सकती है। वहीं, बात करें घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल के दामों की तो भारत में मई में 4 बार तेल के दाम बढ़ाए गए। जिससे कई शहरों में पेट्रोल की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा हो गई।