कारोबार

Diesel और ATF पर सरकार ने बढ़ाया विंडफॉल टैक्स, जानें आज क्या हैं पेट्रोल और डीजल के रेट

Windfall Tax Impact: कच्चे तेल के दामों में चौथे दिन भी बढ़ोतरी देखने को मिली। इस बीच भारत सरकार ने तेल कंपनियों के निर्यात पर लगाया जाने वाला विंडफॉल टैक्स बढ़ा दिया है। इस टैक्स के बढ़ने से फिलहाल भारत के आम नागरिक के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
2 min read
Jul 16, 2026
Crude Oil Pirce Hike
Crude Oil के दामों में तेजी आई। (फोटो: AI)

Petrol Diesel Price Today 16 July 2026: केंद्र सरकार ने डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के निर्यात पर लगने वाला विंडफॉल टैक्स बढ़ा दिया है, जबकि पेट्रोल के निर्यात पर टैक्स घटाया है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें लगातार चौथे दिन बढ़ी हैं। इससे वैश्विक तेल बाजार में सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, भारत में आम नागरिकों के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमत में फिलहाल कोई कमी नहीं की गई है।

Crude Oil की कीमतों में लगातार चौथे दिन तेजी

ग्लोबल मार्केट में गुरुवार को लगातार चौथे दिन कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त देखी गई। ब्रेंट क्रूड 33 सेंट यानी 0.4 फीसदी बढ़कर 85.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 42 सेंट यानी 0.5 फीसदी चढ़कर 80.02 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले पिछले तीन कारोबारी सत्रों में ब्रेंट क्रूड करीब 12 फीसदी तक उछल चुका है।

Source: Trading Economics

सरकार ने बदला Windfall Tax

केंद्र सरकार ने 16 जुलाई से लागू अपने नए आदेश में पेट्रोल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स 4 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 2.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। वहीं, डीजल के निर्यात पर टैक्स 8.5 रुपये से बढ़ाकर 15.5 रुपये प्रति लीटर और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) पर 7.5 रुपये से बढ़ाकर 14.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।

आम आदमी पर क्या होगा असर?

विंडफॉल टैक्स वह कर है, जिसे सरकार तब लगाती है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण तेल कंपनियों को निर्यात पर सामान्य से अधिक मुनाफा होता है। इसका उद्देश्य लाभ का एक हिस्सा सरकारी खजाने में लाना और घरेलू बाजार में फ्यूल की उपलब्धता बनाए रखना होता है। क्योंकि ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए तेल कंपनियां निर्यात पर ज्यादा ध्यान देती हैं। लेकिन इस विंडफॉल टैक्स में बदलाव का आम ग्राहकों पर तत्काल सीधा असर नहीं पड़ता।

16 जुलाई को भारत में पेट्रोल-डीजल की रेट

विंडफॉल टैक्स में बढ़ोतरी के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया। ये कीमतें 25 मई के बाद स्थिर हैं।

शहरपेट्रोल (₹/लीटर)डीजल (₹/लीटर)
नई दिल्ली₹102.12₹95.20
कोलकाता₹113.48₹99.82
मुंबई₹111.21₹97.83
चेन्नई₹107.78₹99.56
गुरुग्राम₹102.97₹95.64
नोएडा₹101.96₹95.44
बेंगलुरु₹111.37₹99.26
भुवनेश्वर₹108.97₹100.68
चंडीगढ़₹101.51₹89.47
हैदराबाद₹115.69₹103.82
जयपुर₹113.32₹98.34
लखनऊ₹102.63₹96.07
पटना₹114.36₹100.31
तिरुवनंतपुरम₹115.49₹104.40

कच्चे तेल में तेजी की आशंका

चॉइस ब्रोकिंग के कमोडिटी और करेंसी एक्सपर्ट आमिर मकदा का कहना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है, तो कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती है। उनके अनुसार, होर्मुज से तेल आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बाजार में चिंता बढ़ा रहा है, जिससे निवेशकों की खरीद बढ़ सकती है।

Updated on:
16 Jul 2026 09:41 am
Published on:
16 Jul 2026 08:59 am