कारोबार

पुरुष नहीं, महिलाएं ज्यादा इस्तेमाल कर रहीं Blinkit, Meesho और Myntra जैसे ऐप्स, उधर शहरी यूथ रोज 2 घंटे से ज्यादा सोशल मीडिया को दे रहा

Screen Time In India: शहरी भारत का युवा सोशल मीडिया पर रोजाना 120 मिनट बिता रहा है। यह चौकाने वाला आंकड़ा VTION और IAMAI की संयुक्त रिपोर्ट में सामने आया है। इसके साथ ही अलग अलग कैटेगरी और आयु वर्ग के लोगों का उपयोग समय अलग है।
2 min read
Jun 01, 2026
Social Media Usage
Digital India में सोशल मीडिया और AI का उपयोग ज्यादा हो रहा है। (PC: AI)

Screen Time in India: भारत में 18 से 24 साल के ऐसे युवा जो शहरों में रहते हैं, हर रोज औसतन 120 मिनट सोशल मीडिया पर बिता रहे हैं। यह खुलासा VTION और इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) की रिपोर्ट में हुआ है। यह रिपोर्ट बताती है कि अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लोग किस तरह समय बिता रहे हैं, यह पूरी तरह उम्र, लिंग और जगह पर निर्भर करता है।

युवा ज्यादा कर रहे सोशल मीडिया का इस्तेमाल

रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सभी आयु वर्ग का औसत उपयोग 97.9 मिनट प्रतिदिन है। यानी की भारत का 18 से 24 साल तक का युवा अन्य कैटेगरी के लोगों से 22 मिनट ज्यादा सोशल मीडिया पर बिता रहा है।

महिलाएं ई-कॉमर्स पर बिता रहीं काफी समय

रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर महिलाएं पुरुषों की तुलना में काफी ज्यादा समय बिता रही हैं। 18 से 24 साल के आयु वर्ग में महिलाएं पुरुषों की तुलना में 47 फीसदी ज्यादा समय इन प्लेटफॉर्म्स पर बिताती हैं।

25 से 34 साल की महिलाएं रोजाना औसतन 35.2 मिनट ई-कॉमर्स पर बिताती हैं, जबकि पुरुषों का यह औसत 24.8 मिनट है। यानी इस कैटेगरी में महिलाएं पुरुषों से 42 फीसदी ज्यादा समय इन प्लेटफॉर्म पर बिताती हैं। इसके साथ ही यह अंतर हर तरह के प्लेटफॉर्म पर साफ दिखाई देता है। ब्लिंकिट में 57 फीसदी, मीशो में 61 फीसदी और मिंत्रा में 54 फीसदी यूजर महिलाएं हैं।

एंटरटेनमेंट पर उम्रदराज लोगों का कब्जा

रिपोर्ट के अनुसार, शहरी भारत के 35 साल और उससे ऊपर की उम्र के यूजर एंटरटेनमेंट कैटेगरी (OTT, वीडियो और म्यूजिक ऐप्स आदि) पर ज्यादा सक्रिय हैं। यहां ये रोजाना औसतन 77.2 मिनट बिताते हैं। वहीं, बात करें यूजर्स की संख्या घटने या बढ़ने की तो एंटरटेनमेंट कैटेगरी में संख्या स्टेबल बनी हुई है। लेकिन सोशल मीडिया में यूजर्स की संख्या में 5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वहीं, सभी कैटेगरी में मैसेजिंग ऐप्स पर औसतन 58.6 मिनट प्रतिदिन बिताया जा रहा है। इसके अलावा बात करें यूजर्स की संख्या में बढ़ोतरी की तो लोन और क्रेडिट ऐप्स में 30 फीसदी और AI ऐप्स में 100 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ दर्ज हुई है।

शहर और गांव के बीच बदलती डिजिटल दुनिया

IAMAI और KANTAR की इंटरनेट इन इंडिया रिपोर्ट 2025 के मुताबिक, देश में अब 95.8 करोड़ एक्टिव इंटरनेट यूजर हैं। देश के कुल एक्टिव इंटरनेट यूजर्स में से 57 फीसदी यानी करीब 54.8 करोड़ यूजर अब गांवों से हैं।

Updated on:
01 Jun 2026 12:23 pm
Published on:
01 Jun 2026 12:21 pm