कारोबार

Employees Provident Fund Tips: PF खाते में ये 6 छोटी गलतियां पड़ सकती हैं भारी, न पैसा निकलेगा और न अकाउंट में कर पाएंगे लॉग-इन

PF Withdrawal Problems: EPFO ने FY26 का 8.25% ब्याज खातों में जमा किया है, जिसके बाद कई सदस्यों को अकाउंट ब्लॉक, KYC पेंडिंग और पासबुक न खुलने जैसी दिक्कतें आ रही हैं। जानिए हर समस्या की वजह और समाधान।
2 min read
Aug 01, 2026
PF Account Tips
PF Account बार-बार गलत लॉगिन प्रयासों के चलते ब्लॉक हो सकता है। (PC: AI)

EPF Account Mistakes: EPFO ने हाल ही में वित्त वर्ष 2026 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज सदस्यों के खातों में जमा किया है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अपना बैलेंस, पासबुक और क्लेम स्टेटस चेक करने के लिए पोर्टल और उमंग ऐप पर लॉगिन कर रहे हैं। लेकिन इसी दौरान कई यूजर्स को अकाउंट ब्लॉक हो जाने, अकाउंट रेस्ट्रिक्टेड हो जाने, KYC पेंडिंग रहने, आधार से जुड़े विवरण न मिलने, पासबुक न खुलने और UAN का पासवर्ड भूल जाने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। असल दिक्कत यह है कि ज्यादातर मामलों में वजह कोई बड़ी तकनीकी खामी नहीं, बल्कि खाते में रह गई एक छोटी-सी अधूरी जानकारी होती है। आइए एक एक करके सभी समस्याओं के समाधान के बारे में जानते हैं।

अकाउंट ब्लॉक हो जाए तो ऐसे करे अनब्लॉक

अगर बार-बार गलत लॉगिन प्रयास किए जाएं तो अकाउंट ब्लॉक हो सकता है। इसे ठीक करने के लिए पोर्टल के लॉगिन पेज पर जाकर साइन-इन बटन के नीचे मौजूद 'अनलॉक अकाउंट' विकल्प पर क्लिक करना होता है। अगर यह विकल्प न दिखे तो पेज रिफ्रेश कर लगभग 30 मिनट बाद दोबारा कोशिश करनी होती है। अगर आप अपना लॉगिन पासवर्ड भूल गए है तो साइन-इन बटन के पास मौजूद 'फॉरगॉट पासवर्ड' पर क्लिक कर UAN और मोबाइल नंबर डालें, OTP वेरिफाई करें और तुरंत नया पासवर्ड सेट करके लॉगिन करें।

अकाउंट रेस्ट्रिक्टेड हो तो क्या करें?

अकाउंट रेस्ट्रिक्टेड होने की सबसे बड़ी वजह नॉमिनी अपडेट नहीं करना है। नियमों के मुताबिक अगर कोई सदस्य कम से कम पांच बार लॉगिन कर चुका है लेकिन नॉमिनेशन अपडेट नहीं किया, तो अकाउंट पर रोक लग सकती है। इसे ठीक करने के लिए पहले अकाउंट अनलॉक करें, फिर 'मैनेज' सेक्शन में जाकर 'ई-नॉमिनेशन' चुनें, फोटो और आधार डिटेल अपडेट करें, और 'व्यू-प्रोफाइल' में जाकर आधार OTP से ई-साइन पूरा करें।

KYC पेंडिंग होने पर भी होगा क्लेम रिजेक्ट

अगर आधार, PAN या बैंक डिटेल में नाम, जन्मतिथि या जेंडर जैसी जानकारी आधार से मेल नहीं खाती, तो यह क्लेम या UAN एक्टिवेशन तक को रोक सकता है। KYC 'पेंडिंग' दिखने या क्लेम 'रिजेक्टेड' स्टेटस में जाने की सबसे बड़ी वजह भी यही है। ऐसे में पोर्टल पर जाकर 'मैनेज' सेक्शन से डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) के जरिए एम्पलॉयर की मंजूरी लेनी होती है। इसी स्टेप पर सबसे ज्यादा दावे अटकते या खारिज होते हैं, इसलिए सदस्यों को अपनी डिटेल पहले ही आधार से मिला लेनी चाहिए।

पासबुक नहीं खुल रही या क्लेम में देरी हो रही है?

अगर पासबुक लोड नहीं हो रही, तो अक्सर इसकी वजह वेबसाइट पर बढ़ा हुआ ट्रैफिक होता है। ऐसे में कुछ देर बाद दोबारा कोशिश करें या पोर्टल की जगह उमंग ऐप का इस्तेमाल करें। वहीं अगर PF निकासी या ट्रांसफर का क्लेम अटका हुआ है, तो इसकी वजह एम्प्लॉयर या सर्विस रिकॉर्ड से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। इसे ठीक करने के लिए, पहले क्लेम का स्टेटस चेक करें और पेंडिंग वेरिफिकेशन के लिए एम्प्लॉयर से संपर्क करें।

Umang ऐप में मिलती है ये सर्विस

EPFO ने पोर्टल के जरिए UAN एक्टिवेशन और नए UAN जेनरेशन की सुविधा बंद कर दी है और इसे आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन (FAT) के साथ उमंग ऐप पर शिफ्ट कर दिया है। यानी अब नया UAN बनवाना हो या मौजूदा UAN एक्टिवेट करना हो, दोनों काम सिर्फ उमंग ऐप से ही हो सकेंगे। इसके अलावा PF बैलेंस देखना, पासबुक एक्सेस करना, क्लेम स्टेटस ट्रैक करना, KYC अपडेट करना, UAN एक्टिवेशन पूरा करना, शिकायत दर्ज करना और नजदीकी EPFO कार्यालय खोजना ये सभी काम उमंग ऐप से किए जा सकते है।

Updated on:
01 Aug 2026 12:11 pm
Published on:
01 Aug 2026 12:10 pm