
How to Check PF Balance: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ खातों में 8.25 फीसदी की दर से ब्याज जमा करना शुरू कर दिया है। कई नौकरीपेशा लोगों के पास पैसा खाते में आने के मैसेज भी पहुंचने लगे हैं। अगर आपके फोन में अभी तक यह मैसेज नहीं आया है, तो ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। ईपीएफओ यह काम किश्तों में करता है। करोड़ों खाते होने की वजह से सभी के अकाउंट में एक साथ पैसा नहीं डाला जाता। खास बात यह है कि अगर ब्याज मिलने में थोड़ी देरी भी हो जाती है, तो भी आपका एक पैसे का भी नुकसान नहीं होने वाला।
ईपीएफ नियम 1952 के पैराग्राफ 60 के मुताबिक, ब्याज का हिसाब आपके हर महीने के बैलेंस पर ही लगाया जाता है। भले ही पैसा आपके खाते में देर से दिखे, लेकिन आपको पूरे साल का ब्याज जोड़कर ही मिलेगा। अब सवाल यह है कि एसएमएस का इंतजार किए बिना आप कैसे पता करें कि पैसा आया या नहीं? इसके लिए आप इन 3 आसान तरीकों से अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं:
ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और एम्प्लॉई सेक्शन में 'Member Passbook' पर क्लिक करें। अपना UAN और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें। वहां आपको पूरी पासबुक दिख जाएगी, जिसमें आपका जमा पैसा, कंपनी का हिस्सा और मिला हुआ ब्याज अलग से नजर आ जाएगा।
अगर आपका मोबाइल नंबर UAN पोर्टल पर रजिस्टर है, तो आपको बस अपने नंबर से 011-22901406 पर एक मिस्ड कॉल देनी होगी। थोड़ी ही देर में आपके पास बैलेंस का मैसेज आ जाएगा। इसके लिए ध्यान रखें कि आपका बैंक खाता, पैन और पहचान संबंधी दस्तावेज UAN से जुड़े होने चाहिए।
फोन के मैसेज बॉक्स में जाकर 'EPFOHO UAN ENG' टाइप करें और इसे 7738299899 पर भेज दें। अगर आपको हिंदी में जानकारी चाहिए, तो 'ENG' की जगह 'HIN' लिखकर भेजें। तुरंत आपको मौजूदा बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी। आप भी इन तरीकों से अपने पीएफ खाते का बैलेंस चेक कर सकेत हैं।