
Aviation Sector Share Prices: ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें लगातार गिरने से गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में ऑयल मार्केटिंग और विमानन क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। क्रूड ऑयल की कीमत बहुत हद तक अमेरिका-ईरान तनाव से पहले के स्तर पर लौट आई है, जिससे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) और एयरलाइंस की लागत कम होने की उम्मीद बढ़ी है। इसी वजह से इन कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की खरीदारी दिख रही है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर एयरलाइंस के शेयरों पर दिखा। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) एयरलाइंस की सबसे बड़ी लागतों में से एक होता है। क्रूड सस्ता होने से कंपनियों के मुनाफे में सुधार की संभावना बढ़ जाती है। इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा उछलकर 5446 रुपये पहुंच गया। आज के कारोबारी सत्र में इसमें 242 रुपये की बढ़त देखने को मिल रही है। वहीं, स्पाइसजेट के शेयर में भी 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली।
गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सरकारी OMCs के शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के शेयर 0.82 फीसदी बढ़कर 416.30 रुपये, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के शेयर 0.43 फीसदी बढ़कर 317.05 रुपये और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOC) के शेयर 0.23 फीसदी बढ़कर 146.64 रुपये पर कारोबार करते दिखे।
तेल मार्केटिंग कंपनियों और एविएशन सेक्टर के शेयरों में यह बढ़त ऐसे समय में देखने को मिल रही है, जब कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में भी ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर 72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। इसके साथ ही WTI क्रूड लगभग युद्ध से पहले वाली कीमत पर आ गया है। इसके साथ ही न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर ग्लोबल अफेयर्स की एसोसिएट डीन कैरोलिन किस्सेन ने कहा कि होर्मुज की बाधा हटने के बाद से सप्लाई में बढ़ोतरी के चलते लगातार क्रूड ऑयल के दामों में गिरावट आई है।