
Paytm एक बार फिर चर्चा में है। कंपनी अपने मर्चेंट नेटवर्क का विस्तार करने और आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है। इसके लिए कंपनी अगले 9 महीनों में 4,000 लोगों को नौकरी देने की तैयारी में है। यह कंपनी की मार्केट में वापसी का एक प्रयास है, जो दो साल पहले RBI के एक्शन के बाद लड़खड़ा गई थी।
अभी Paytm में करीब 40,000 कर्मचारी हैं। 4,000 नई भर्तियों से यह संख्या करीब 10 फीसदी बढ़ जाएगी। कंपनी ने बताया कि पिछले दो महीनों में ही 800 से ज्यादा लोगों को जोड़ा जा चुका है। बाकी भर्ती मार्च 2027 तक पूरी होगी। प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, AI और सीनियर लीडरशिप रोल्स के लिए भी भर्ती की जाएगी।
हायरिंग के साथ-साथ कंपनी मौजूदा परफॉर्मेंस अप्रेजल साइकल के बाद करीब 400 कर्मचारियों यानी 1 फीसदी स्टाफ को हटाएगी। यह पिछले साल हुई बड़ी छंटनी के मुकाबले काफी कम है। RBI ने Paytm पेमेंट बैंक का ऑपरेटिंग लाइसेंस अप्रैल में रद्द कर दिया था। इसके बाद कंपनी ने 4,500 से ज्यादा नौकरियां घटाई थीं।
आज बीएसई पर Paytm के शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी का शेयर 25.05 रुपये यानी 2.43 फीसदी की तेजी के साथ 1,057.50 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार करता दिखा। शेयर का पिछला बंद भाव 1,032.45 रुपये था। हालांकि, यह अभी भी अपने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर 1,381.75 रुपये से काफी नीचे है।
Paytm ने लगातार चार तिमाहियों में मुनाफा कमाया है। CEO विजय शेखर शर्मा की कोशिश है कि कंपनी के करोड़ों रजिस्टर्ड यूजर्स लोन, इन्वेस्टमेंट और दूसरे फाइनेंशियल प्रोडक्ट भी Paytm से लें। मर्चेंट नेटवर्क बढ़ाना और AI आधारित प्रोडक्ट लॉन्च करना अभी कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
2010 में विजय शेखर शर्मा ने Paytm की शुरुआत मोबाइल रिचार्ज से की थी। 2016 की नोटबंदी ने कंपनी को देश की सबसे बड़ी फिनटेक कंपनी बना दिया। सॉफ्टबैंक और अलीबाबा जैसे बड़े निवेशकों के साथ 2021 में कंपनी शेयर बाजार में उतरी थी। शेयर IPO प्राइस से अभी भी 50 फीसदी से ज्यादा नीचे हैं लेकिन पिछले एक साल में 7 फीसदी की बढ़त आई है।