कारोबार

Post Office NSC में मिलता है 7.7% ब्याज, 1 लाख के 5 साल में हो जाएंगे 1,44,900 रुपये, जानें डिटेल

National Savings Certificate पोस्ट ऑफिस की एक ऐसी योजना है, जिस पर सामान्य बैंक FD से ज्यादा रिटर्न मिलता है। साथ ही मिलने वाला ब्याज टैक्स फ्री होता है। इस स्कीम में सिर्फ 1 हजार रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है।

2 min read
Jun 12, 2026
Long Term Investment in Government Scheme
Post Office NSC स्कीम में 7.7 % का रिटर्न मिलता है। (PC: AI)

Safe Investment: अपनी बचत को सुरक्षित रूप से निवेश करने और उस पर ज्यादा से ज्यादा ब्याज पाने के लिए लोग अलग-अलग निवेश स्कीम में पैसा जमा करते हैं। सुरक्षित निवेश के लिए लोग सरकारी स्कीम पर ज्यादा भरोसा करते हैं। पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) ऐसी ही एक स्कीम है। इस स्कीम में सामान्य बैंक FD की तुलना में ज्यादा ब्याज मिलता है।

NSC की ब्याज दर और टैक्स बेनेफिट

NSC सरकार द्वारा समर्थित एक फिक्स इनकम देने वाली निवेश योजना है, जो पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित की जाती है। इस योजना में 7.7 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि ब्याज दर जी जाती है। अधिकतर बैंक FD निवेश पर इतना ब्याज नहीं देते हैं। इसके साथ ही इस योजना पर पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत इनकम टैक्स अधिनियम की धारा 80C से टैक्स छूट भी मिलती है।

कितना करना होगा निवेश

इस योजना में कम से कम 1,000 रुपये से निवेश शुरू किया जाता है और अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं होती। इसलिए बड़े निवेशक भी इसका लाभ उठा सकते हैं। योजना में मिलने वाला ब्याज हर साल जोड़ा जाता है और ब्याज पर भी ब्याज मिलता है। परिपक्वता पर मूलधन और ब्याज एक साथ निवेशक को दिया जाता है।

1 लाख रुपये निवेश करने पर ब्याज की रकम

वर्षवर्ष की शुरुआत में (₹)ब्याज (₹)संचित मूल्य (₹)
11,00,0007,7001,07,700
21,07,7008,2931,15,993
31,15,9938,9311,24,924
41,24,9249,6191,34,544
51,34,54410,3601,44,903
कुल ब्याज44,9031,44,903
7.7 % की ब्याज दर से रिटर्न

इस योजना का मैच्योरिटी पीरियड 5 साल होता है। इसलिए इस स्कीम में 5 साल के लिए 1 लाख रुपये लगाए जाने पर सिर्फ ब्याज की रकम ही 44,903 रुपये बनती है। यह कंपाउडिंग की ताकत है, जिसमें आपकी रकम सुरक्षित रूप से बढ़ जाती है।

5 साल से पहले खाता बंद करने पर क्या होगा?

NSC स्कीम को समय से पहले बंद करने पर अलग-अलग तरीके से ब्याज मिलता है। यदि एक साल की अवधि पूरी होने से पहले ही इसे बंद किया जाता है तो किसी प्रकार का कोई ब्याज नहीं मिलता सिर्फ मूलधन ही मिलता है।

वहीं, एक साल के बाद से लेकर तीन साल से पहले रकम वापस ली जाती है तो मूलधन पर डाकघर बचत खाते की दर से ब्याज मिलता है। वहीं, तीन साल के बाद खाता बंद करने पर 7.7 फीसदी के हिसाब से जितना ब्याज बनता है वह दिया जाता है।