
IT Share Price: भारतीय शेयर बाजार बुधवार को मामूली बढ़त के साथ खुला और दोपहर होते-होते मार्केट में बड़ी तेजी आ गई। बुधवार सुबह सेंसेक्स में मात्र 100 अंकों की बढ़त देखी गई थी। लेकिन दोपहर 12 बजे करीब सेंसेक्स में 640 अंकों यानी 0.83 फीसदी की बढ़त देखी गई। वहीं, निफ्टी-50 136 अंकों यानी 0.57 फीसदी की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा। बाजार में आज आईटी शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली, जिनमें कल भारी गिरावट देखी गई थी।
सेंसेक्स पैक के शेयरों में आज तेज बढ़त में आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा, TRENT, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, इन्फोसिस और टीसीएस दिखाई दिए। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे। सबसे ज्यादा बढ़त आईसीआईसीआई बैंक में 2.65 फीसदी देखी गई। इसके अलावा टेक महिंद्रा में 2.47 फीसदी की तेजी देखी गई। वहीं बात करें, गिरावट वाले शेयरों कि तो इनमें एनटीपीसी (1.86 फीसदी गिरावट), मारुति (1.51 फीसदी गिरावट) शामिल हैं। इसके अलावा पावर ग्रीड, टाटा स्टील और भारती एयरटेल जैसे प्रमुख शेयरों में भी गिरावट दिखी।
निफ्टी IT के शेयरों में बुधवार को तेजी देखने को मिल रही है। फिलहाल निफ्टी आईटी इंडेक्स 345 अंकों यानी कि 1.28 फीसदी की बढ़त के साथ 27,357 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कल के सत्र में निफ्टी आईटी में करीब 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। इसके बाद आज के सत्र में तेजी देखी जा रही है। वैश्विक बाजारों के संकेतों का सीधा असर भारतीय आईटी सेक्टर पर पड़ रहा है।
निफ्टी आईटी के प्रमुख शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी OFSS के शेयर में देखने को मिली। इसमें 3.05 फीसदी यानी कि 301 रुपये प्रति शेयर की बढ़त देखने को मिली। इसके अलावा, इन्फोसिस में 1.84 फीसदी, टीसीएस में 1.45 फीसदी, टेक महिंद्रा में 2.21 फीसदी, एचसीएल टेक में 0.33 फीसदी, कोफोर्ज में 0.40 फीसदी, एलटीआई माइंडट्री में 0.42 फीसदी की तेजी देखने को मिली। वहीं, गिरावट की बात करें तो सिर्फ एक शेयर विप्रो में 1.17 फीसदी की गिरावट दिखी।