कारोबार

IPO आने से पहले ही ग्रे मार्केट में 30% का मुनाफा, इस हफ्ते प्राइमरी मार्केट में मिलेंगे पैसा लगाने के 7 ऑप्शन, जानिए GMP

IPO Market News: प्राइमरी मार्केट में 5 नई एसएमई कंपनियां अपना आईपीओ लॉन्च करने जा रही हैं। वहीं, बीते हफ्ते ओपन हुए हॉरिजन रिक्लेम इंडिया और सुसान इलेक्ट्रिकल्स इंडिया के आईपीओ में भी पैसा लगाया जा सकेगा।

3 min read
Jun 14, 2026
IPO Market News
5 नए SME आईपीओ लॉन्च होने जा रहे हैं। (PC: AI)

Upcoming IPO: अगर आप प्राइमरी मार्केट में इन्वेस्ट करना पसंद करते हैं तो इस हफ्ते आपको 5 नए मौके मिलने वाले हैं। वहीं 2 पहले से चल रहे आईपीओ में भी निवेश किया जा सकेगा। इस हफ्ते मेनबोर्ड सेगमेंट में कोई आईपीओ नहीं आ रहा है। सारे पांचों नए आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। वहीं, इस हफ्ते Utkal Speciality, Susan Electricals India और Horizon Reclaim India की लिस्टिंग भी हो सकती है। इस पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। आइए जानते हैं कि इस हफ्ते कौन-से नए आईपीओ आ रहे हैं।

क्ले क्राफ्ट इंडिया

सिरेमिक टेबलवेयर और क्रॉकरी बनाने वाली Clay Craft India सबसे बड़े SME इश्यू में से एक लेकर आ रही है। कंपनी का 110.11 करोड़ रुपये का IPO 17 जून को खुलेगा और 19 जून को बंद होगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 193 से 203 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसके तहत 54.24 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे। IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल राजस्थान के मांडा में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने और अन्य कारोबारी जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर रविवार सुबह 61 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। इस तरह शेयर की लिस्टिंग करीब 30 फीसदी के प्रीमियम के साथ हो सकती है।

दीक्षा पॉलीमर्स

प्लास्टिक पैकेजिंग सेक्टर में काम करने वाली Diksha Polymers भी 17 जून को अपना आईपीओ ओपन कर रही है। कंपनी 17.90 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस इश्यू का प्राइस 112 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी का कहना है कि आईपीओ से मिलने वाली राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा। कंपनी PET बोतलें, कंटेनर और PET प्रीफॉर्म बनाती है। इनका उपयोग खाद्य तेल, पेय पदार्थ और कई उपभोक्ता उत्पादों की पैकेजिंग में होता है।

लियोटेक इंडस्ट्रीज

हार्डवेयर स्ट्रक्चर और उससे जुड़े उत्पाद बनाने वाली Liotech Industries भी अगले सप्ताह निवेशकों के सामने होगी। कंपनी का IPO कुल 36.02 करोड़ रुपये का है। इसमें 28.89 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 7.13 करोड़ रुपये के शेयर प्रमोटर ऑफर फॉर सेल के जरिए रखे जाएंगे। इश्यू का भाव 321 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल नई मशीनें खरीदने, कर्ज कम करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने और अन्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए करेगी।

आईपीओ का नामओपनिंग डेटक्लोजिंग डेटGMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम)
Clay Craft India17 जून 202619 जून 2026₹61 (लगभग 30% प्रीमियम)
Diksha Polymers17 जून 202619 जून 2026उपलब्ध नहीं
Liotech Industries17 जून 202619 जून 2026उपलब्ध नहीं
Leapfrog Engineering Services17 जून 202619 जून 2026उपलब्ध नहीं
Avience Biomedicals18 जून 202622 जून 2026उपलब्ध नहीं
Horizon Reclaim India12 जून 202616 जून 2026₹57 (लगभग 55% प्रीमियम)
Susan Electricals India11 जून 202615 जून 2026₹61 (लगभग 48% प्रीमियम)

लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेस

Leapfrog Engineering Services आईपीओ के जरिए 88.51 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें 79.60 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे, जबकि 8.91 करोड़ रुपये के शेयर प्रमोटर प्रभव नरसिम्हा राव बेचेंगे। निवेशक इस आईपीओ में 17 जून से 19 जून तक आवेदन कर सकेंगे। कंपनी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, कंस्ट्रक्शन और कमीशनिंग यानी EPCC कारोबार में सक्रिय है। इसका विशेष फोकस इलेक्ट्रिकल सिस्टम, फायर सेफ्टी, इंस्ट्रूमेंटेशन, मॉड्यूलर सबस्टेशन और ऑटोमेशन प्रोजेक्ट्स पर है।

एविएंस बायोमेडिकल्स

Avience Biomedicals का एसएमई आईपीओ 18 जून को ओपन होगा। इसमें 22 जून तक पैसा लगाया जा सकता है। इस आईपीओ में अभी प्राइस बैंड की घोषणा नहीं हुई है।

इन दो आईपीओ में भी कर पाएंगे निवेश

हॉरिजन रिक्लेम इंडिया (Horizon Reclaim India) का एसएमई आईपीओ 12 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और इसमें 16 जून तक पैसा लगाया जा सकेगा। यह 54.27 करोड़ रुपये का आईपीओ है। आईपीओ में शेयर प्राइस 103 रुपये है। रविवार सुबह ग्रे मार्केट में यह शेयर 57 रुपये के प्रीमियम के साथ ट्रेड करता दिखा। ऐसे में यह शेयर 55 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट हो सकता है। यह आईपीओ अब तक 8.39 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

सुसान इलेक्ट्रिकल्स इंडिया (Susan Electricals India) का एसएमई आईपीओ 11 जून को खुला था और 15 जून को बंद होगा। यह 70.38 करोड़ का आईपीओ है। आईपीओ में शेयर प्राइस 127 रुपये है। रविवार सुबह ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर 61 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। इस तरह शेयर की लिस्टिंग 48 फीसदी के प्रीमियम पर हो सकती है। यह आईपीओ अब तक 16.37 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

Updated on:
14 Jun 2026 12:08 pm
Published on:
14 Jun 2026 12:02 pm