
चंडीगढ़। पंजाब के संगरूर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय पर रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंक दिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फोरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार किसी ने कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर उसमें आग लगाई और कार्यालय की बाहरी दीवार की ओर फेंक दिया। जांच के दौरान दीवार पर जलने के निशान मिले हैं। संगरूर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
घटना के बाद भाजपा ने पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में भाजपा कार्यालयों पर लगातार हमले हो रहे हैं, भाजपा नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के शासन में यह स्थिति अब "जंगल राज" की पहचान बन गई है। उन्होंने कहा कि हिंसा के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने की हर कोशिश विफल होगी और भाजपा ऐसे हमलों से डरने वाली नहीं है। ढिल्लों ने सवाल उठाया कि आखिर पंजाब के लोग किस तरह के माहौल में रह रहे हैं। क्या राज्य में कानून का राज बचा है या फिर अपराध और गैंगस्टरवाद हावी हो चुका है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि संगरूर भाजपा कार्यालय में हुए इस हमले की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस कठिन समय में अपने सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने संगरूर स्थित भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम विस्फोट को लेकर कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त सजा दी जाएगी।
भाजपा नेता परमिंदर सिंह बराड़ ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका जाना पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकार अक्सर "रंगला पंजाब" की बात करती है, लेकिन ऐसी घटनाएं लोगों में डर का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा, धमकी और डराने की राजनीति की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। पंजाब के लोग भय का नहीं, बल्कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल का अधिकार रखते हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने बठिंडा जिले में भाजपा से जुड़े एक होम्योपैथिक चिकित्सक के क्लिनिक पर भी कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंका गया था। इससे पहले एक अप्रेल को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर भी विस्फोट की घटना हुई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है।