
Chittorgarh Panchayat Samiti Controversy: चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में बोर्ड गठन से पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की एकमात्र सदस्य शंकरी बाई भील ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की बात कही है। रविवार को जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है। इससे पहले आरएलपी के जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और उनके साथ आए लोगों पर शंकरी बाई को जबरदस्ती ले जाने का आरोप लगाया था।
पंचायत समिति की 29 सीटों में बीजेपी और कांग्रेस ने 14-14 सीटें जीती हैं। बहुमत के लिए 15 सदस्यों का समर्थन चाहिए। ऐसे में वार्ड 24 से जीतीं शंकरी बाई की भूमिका प्रधान चुनाव में अहम है। उन्हें 1 हजार 674 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी की अंजलि जाट को 882 और कांग्रेस की गीताबाई को 558 वोट मिले। शंकरी बाई ने अंजलि जाट को 792 वोटों से हराया था।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विधायक आक्या भीलवाड़ा जिले के गंगापुर में एक फैक्ट्री के बाहर पहुंचते नजर आए। वहां शंकरी बाई और उनके पति रतनलाल भील पहले से मौजूद थे। वीडियो में विधायक और उनके साथ आए लोग शंकरी बाई व अन्य लोगों के साथ फैक्ट्री के अंदर जाते दिखे।
बद्रीलाल जाट के मुताबिक, मुलाकात के दौरान विधायक आक्या ने बीजेपी के लिए समर्थन मांगा और उपप्रधान बनाने का आश्वासन दिया। जाट ने कहा कि उन्होंने आरएलपी नेता और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल से बातचीत के बाद ही समर्थन पर फैसला लेने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में शंकरी बाई को गाड़ियां बदलते हुए चित्तौड़गढ़ ले जाया गया।
शंकरी बाई ने अपने वीडियो में कहा कि उन्होंने वार्ड में विकास कार्यों के लिए बीजेपी का साथ देने का फैसला किया है और उन पर कोई दबाव नहीं था। उनके पति रतनलाल ने भी अलग वीडियो जारी कर किसी तरह की जोर-जबरदस्ती से इनकार किया और कहा कि वे सुरक्षित हैं। वहीं, विधायक आक्या ने कहा कि वायरल वीडियो के जरिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने कहा कि पार्टी सोमवार को चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान शंकरी बाई को बीजेपी से वापस लाने की मांग उठाई जाएगी। वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि वीडियो के जरिए उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। वहीं, इस मामले को लेकर आरएलपी नेता और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के चित्तौड़गढ़ में विरोध प्रदर्शन करने की चर्चा है।