
Churu Rajaldesar Blind Murder Case: राजलदेसर (चूरू): चूरू में राजलदेसर पुलिस ने तीन नवंबर को सिमसिया और धातरी गांवों के बीच सड़क किनारे मिले युवक के अर्धनग्न शव की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। शव मिलने के बाद पुलिस ने एफएसएल और साइबर टीम की सहायता से जांच शुरू की थी। मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने सोशल मीडिया और इंटीग्रेटेड सॉफ्टवेयर की मदद ली। लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान सरदारशहर तहसील के दुलरासर गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई।
एएसपी सुजानगढ़ पवन कुमार और रतनगढ़ पुलिस उपाधीक्षक इंसार अली ने बताया कि जांच में सामने आया कि पवन कुमार आरोपी महिला संतोष देवी को लगातार परेशान कर रहा था। वह उस पर मिलने के लिए दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर संतोष देवी ने अपने 19 वर्षीय भाई सुनील नायक के साथ मिलकर पवन की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, संतोष देवी और उसके भाई सुनील नायक ने पवन कुमार को धातरी स्थित अपने घर बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को घर से दूर ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि उसकी पहचान नहीं हो सके।
चूरू एसपी निश्चय प्रसाद के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इनकी मदद से पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने में कांस्टेबल दोलतराम, अमरावती और कांस्टेबल रवींद्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।