चूरू

Churu : बैंक से लौटते वक्त काल बनकर आई तेज रफ्तार गाड़ी, मां-बेटे की मौत, गांव में पसरा मातम

चूरू जिले के भानीपुरा थाना क्षेत्र के बोघेरा गांव के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़े मां-बेटे की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
2 min read
Jun 03, 2026
churu road accident
मृतका ईमरती देवी और मृतक रामस्वरूप। फोटो पत्रिका नेटवर्क

सरदारशहर (चूरू)। भानीपुरा थाना क्षेत्र के बोघेरा गांव के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़े मां-बेटे की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बैंक का काम निपटाकर घर लौट रहे दोनों को सामने से आ रही एक अनियंत्रित गाड़ी ने ऐसी टक्कर मारी कि परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

बैंक से लौट रहे थे, रास्ते में हो गया हादसा

भानीपुरा पुलिस के अनुसार मृतक के बड़े भाई मोहनराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका छोटा भाई रामस्वरूप (28) पुत्र सोहनराम मेघवाल अपनी मां इमरती देवी (55) के साथ शिमला गांव स्थित बैंक में किसी कार्य से गया था। दोपहर बाद दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव बोघेरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े।

मौके पर बेटे की मौत, अस्पताल में मां ने तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रामस्वरूप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। गंभीर रूप से घायल इमरती देवी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। एक ही हादसे में मां और बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन चालक की तलाश

सूचना मिलने पर भानीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

एक साथ उठीं दो अर्थियां, गांव में छाया सन्नाटा

मां-बेटे की मौत की खबर जैसे ही बोघेरा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय बाद गांव ने ऐसा हृदयविदारक हादसा देखा है। एक ही घर से मां और बेटे की अर्थी उठने से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि शोक में कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। मृतक परिवार के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

रफ्तार बनी जानलेवा

क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को उजागर कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल के आसपास यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Updated on:
03 Jun 2026 02:39 pm
Published on:
03 Jun 2026 02:38 pm