पूरन इस सीजन अब तक छह पारियों में 8.50 की बेहद खराब औसत से महज 51 रन बना पाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 79.68 का रहा है। यह आंकड़े किसी भी टी20 बल्लेबाज के लिए शर्मनाक हैं, खासकर उसके लिए जिसे 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया हो।
Rishabh Pant & Nicholas Pooran, Lucknow Super Giants, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का प्रदर्शन अबतक बेहद निराशाजनक रहा है और इसकी सबसे बड़ी वजह है उनके शीर्ष क्रम का लगातार लड़खड़ाना। ऐडन मार्क्रम, ऋषभ पंत और मिच मार्श की बेरुखी तो है ही, लेकिन सबसे बड़ी चिंता विकेट कीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को लेकर है।
पूरन इस सीजन अब तक छह पारियों में 8.50 की बेहद खराब औसत से महज 51 रन बना पाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 79.68 का रहा है। यह आंकड़े किसी भी टी20 बल्लेबाज के लिए शर्मनाक हैं, खासकर उसके लिए जिसे 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया हो। नतीजा यह है कि एलएसजी छह मैचों में चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज साइमन डूल ने क्रीकबज पर एलएसजी की हालत पर चिंता वक्त करते हुए कड़े शब्दों में कहा, "उनकी सबसे बड़ी समस्या टॉप 5 में तीन विदेशी बल्लेबाज हैं। मार्क्रम ने एक-दो मैच में ही कुछ किया है, मार्श ने अबतक कोई बड़ी पारी नहीं खेली और पूरन पूरी तरह से फ्लॉप हैं। यही सबसे बड़ी दिक्कत है।"
एलएसजी इस सीजन लगातार अपनी सलामी जोड़ी में बदलाव कर रही है और कई कॉम्बिनेशन अपना चुकी हैं। पहले पंत और मार्श ने ओपनिंग की, मार्कराम नंबर तीन पर, बडोनी चार पर और पूरन पांच पर आए। फिर पंत को तीन पर भेजा और मार्कराम-मार्श को ओपनिंग कराई। आरसीबी के खिलाफ पूरन को नंबर चार पर प्रमोट किया गया, लेकिन वो फिर नाकाम रहे। पंजाब किंग्स के खिलाफ आयुष बडोनी को मार्श के साथ ओपनिंग पर भेजा गया।
इस लगातार उलटफेर पर डूल ने कहा, "वो अपनी बल्लेबाजी क्रम को लेकर खुद असमंजस में हैं। वह जल्दी-जल्दी बदलाव इसलिए कर रहे हैं रताकि कोई कॉम्बिनेशन सही बैठ जाये। लेकिन जब मैच दर मैच कोई नहीं चलता तो सोचना पड़ता है।"
कप्तान पंत इस लीग के सबसे ज़्यादा पैसे पाने वाले खिलाड़ी हैं, जिनके लिए फ्रेंचाइज़ी ने 27 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। वहीं एलएसजी ने पूरन को भी 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। डूल ने इसपर चुटकी लेते हुए कहा, "पंत ने बल्ले से एक मैच जिताया, बाकी कुछ नहीं। आपने दो खिलाड़ियों पर 50 करोड़ खर्च किए जिन्होंने मिलकर एक मैच जिताया। अपने पूरे बजट का लगभग आधा दो खिलाड़ियों पर खर्च किया है।"
डूल ने एक बड़ी बात भी कही, उन्होंने कहा, "जो टीमें इस सीजन अच्छा कर रही हैं, उनमें भारतीय बल्लेबाज चल रहे हैं। एलएसजी का पूरा ढांचा विदेशी बल्लेबाजों पर टिका है और यही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी बन गई है।"