क्रिकेट

मोहम्मद सिराज के साथ हुई थी नाइंसाफी? आकाश चोपड़ा बोले- जल्दबाजी में बना दिया ‘वन फॉर्मेट’ खिलाड़ी

Aakash Chopra on Mohammed Siraj: पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने मोहम्मद सिराज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि सिराज को जल्दबाजी में सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी मान लिया गया, जबकि उन्होंने हर फॉर्मेट में खुद को साबित किया है।

2 min read
Jun 18, 2026
mohammed siraj, aakash chopra, india cricket team, champions trophy 2025, t20 world cup 2026,
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Photo - IANS)

Aakash Chopra on Mohammed Siraj: पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के साथ भारतीय टीम में चयन के दौरान पूरी तरह न्याय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सिराज को बहुत जल्दी सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी मान लिया गया, जबकि उन्होंने समय-समय पर हर प्रारूप में अपनी उपयोगिता साबित की है।

टीम से रहे बाहर, फिर भी किया खुद को साबित

आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि सिराज को लेकर यह सोच बना दी गई थी कि वह पुरानी गेंद से इम्पैक्टफुल गेंदबाजी नहीं कर सकते। इसी वजह से उन्हें सीमित ओवरों की टीम से बाहर कर दिया गया था। चोपड़ा ने आगे कहा कि सिराज लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, लेकिन आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और बाद में गुजरात टाइटंस (GT) के लिए शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वापसी की। इसके बाद उन्हें 2026 टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली और उन्होंने पहले ही मैच में तीन विकेट लेकर अपने आप को साबित कर दिया।

वनडे टीम में मिलना चाहिए था मौका

आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट के फैसलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब सिराज को लगातार टेस्ट क्रिकेट खिलाया जा रहा था और उनके वर्कलोड मैनेजमेंट पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लेकिन अचानक उन्हें वनडे और टी20 टीम से बाहर कर दिया गया, जो सही फैसला नहीं था।

आकाश चोपड़ा ने खास तौर पर 2025 चैंपियंस ट्रॉफी टीम से सिराज को बाहर रखने के फैसले पर असहमति जताई। उनका कहना है कि टी20 टीम को लेकर बहस हो सकती है, लेकिन वनडे टीम में सिराज की जगह जरूर बनती थी।

'टेस्ट स्पेशलिस्ट मानना गलत है' - चोपड़ा

हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए सिराज को आराम दिया गया था और उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया। हालांकि चोपड़ा का मानना है कि हैदराबाद के इस तेज गेंदबाज ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी खुद को साबित किया है और उन्हें सिर्फ टेस्ट विशेषज्ञ मानना गलत होगा। उन्होंने कहा कि सिराज ने हर मौके पर परफॉर्म करके दिखाया है कि वह भारतीय टीम की व्हाइट-बॉल योजनाओं का अहम हिस्सा बने रहने के हकदार हैं।