क्रिकेट

अभिषेक शर्मा ने तोड़ दिया ‘क्रिकेट के भगवान’ का रिकॉर्ड, तीसरे टी20 में छोटी पारी से किया बड़ा धमाका

धर्मशाला में खेले गए भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 18 गेंद में 35 रन की तूफानी पारी खेली और सचिन तेंदुलकर का 27 साल पूराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
2 min read
Dec 15, 2025
Abhishek Sharma
अभिषेक शर्मा (फोटो- IANS)

Abhishek Sharma Breaks Sachin Tendulkar Record: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 117 रन बनाए। 118 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। टीम इंडिया की इस जीत में ज्यादातर योगदान गेंदबाजों का रहा, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा की 18 गेंदों में 35 रन की तूफानी पारी ने जीत को और आसान बना दिया।

सचिन ने 1998 में बनाया था रिकॉर्ड

टीम इंडिया के इस स्टार सलामी बल्लेबाज ने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन तेंदुलकर ने साल 1998 में 51 छक्के लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया था। अभिषेक शर्मा ने धर्मशाला में तीन छक्के लगाकर उनके इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब अभिषेक शर्मा के नाम इस साल अब तक 20 मैचों में 53 छक्के हो चुके हैं। वह एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो रोहित शर्मा का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने साल 2023 में 80 छक्के जड़े थे। इसके अलावा रोहित ने 2019 में 78, 2018 में 74 और 2017 में 65 छक्के लगाए थे। भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2022 में 74 छक्के लगाए थे, जबकि 2023 में उनके नाम 56 छक्के रहे। तीसरे स्थान पर टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल हैं। गिल ने साल 2023 में 58 छक्के उड़ाए थे। अभिषेक शर्मा के बाद पांचवें स्थान पर यशस्वी जायसवाल का नाम आता है, जिन्होंने 2024 में 52 छक्के लगाए थे। वहीं सचिन तेंदुलकर 51 छक्कों के साथ इस सूची में छठे स्थान पर हैं।

ब्रेविस लिस्ट में सबसे आगे

इस साल सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस पहले स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 31 पारियों में 63 छक्के लगाए हैं। वेस्टइंडीज के शाई होप 48 पारियों में 54 छक्के जड़ चुके हैं। भारत के अभिषेक शर्मा 20 पारियों में 53 छक्के लगाकर तीसरे स्थान पर हैं, जबकि इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने 41 पारियों में 47 छक्के लगाए हैं।

Updated on:
15 Dec 2025 06:08 pm
Published on:
15 Dec 2025 06:08 pm