क्रिकेट

BAN vs AUS: वनडे हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जीती टी20 सीरीज, दूसरे मैच में बांग्लादेश को 7 रन से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 196 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश 20 ओवर में छह विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी।

2 min read
Jun 19, 2026
AUS vs Ban T20
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को दूसरे मैच में 7 रन से हराया (photo - EspnCricInfo)

Bangladesh vs Australia, 2nd T20: बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुक़ाबला चटगांव के बीर श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान स्टेडियम में खेला गया। इस मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को 7 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर कब्जा जमाते हुए 0-2 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

ऑस्ट्रेलिया ने जीती टी20 सीरीज

इससे पहले वनडे सीरीज में 2-1 से बुरी तरह हारने के बाद टी20 सीरीज में जीत ऑस्ट्रेलिया के खोए आत्मविश्वास के लिए अहम है। दूसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 196 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश 20 ओवर में छह विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया के लिए इस जीत के हीरो मैट रैनशॉ रहे। रैनशॉ ने 52 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 89 रनों की पारी खेली थी। जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

बांग्लादेश की खराब बल्लेबाजी

197 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी रही थी। सलामी बल्लेबाजों तंजिद अहमद (30) और सैफ हसन (42) ने पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दी थी। परवेज हुसैन इमोन ने 22 गेंदों पर 36 रन और कप्तान तौहिद हृदय ने 22 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन उनका प्रयास काफी नहीं रहा। बांग्लादेश 189 रन ही बना सकी और 7 रन से मैच हार गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए आरोन हार्डी ने 2, जबकि नाथन एलिस, मैट रेनशॉ, एडम जांपा और जोएल डेविस ने 1-1 विकेट लिए।

टिम डेविड की बेहतरीन पारी

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 196 रन बनाए थे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे मैट रैनशॉ ने अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी की बदौलत ही ऑस्ट्रेलिया 196 रन तक पहुंच सकी। इसके अलावा, टिम डेविड ने 26 गेंदों पर 45 और कप्तान मार्श ने 19 गेंदों पर 20 रन बनाए।

बांग्लादेश के लिए नासुम अहमद ने 2, अब्दुल गफ्फार सकलैन, नाहिद राणा, और मुस्तफिजुर रहमान ने 1-1 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने पहला टी20 4 विकेट से जीता था। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रविवार को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की कोशिश बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्विप करने की होगी, जबकि बांग्लादेश आखिरी मैच जीतने की कोशिश करेगी।

Published on:
19 Jun 2026 06:31 pm