क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी यूं ही नहीं बने मोहम्मद सिराज का शिकार, GT के हेड कोच आशीष नेहरा ने खेला था ‘मास्टरस्ट्रोक’

Ashish Nehra masterstroke for Vaibhav Sooryavanshi: शनिवार रात जयपुर के सवाई मानसिंह स्‍टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के विस्‍फोटक बल्‍लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मोहम्‍मद सिराज ने यूं ही आउट नहीं किया। इसके पीछे गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा का एक मास्टरस्ट्रोक था।
2 min read
• •
May 10, 2026
Ashish Nehra masterstroke for Vaibhav Sooryavanshi
आशीष नेहरा, वैभव सूर्यवंशी और मोहम्‍मद सिराज। (फोटो - वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

Ashish Nehra masterstroke for Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स को एक बार फिर तूफानी शुरुआत दी थी। कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के 230 रनों के लक्ष्य को मेजबान टीम चेज कर लेगी। वैभव ने पिछले साल जीटी के खिलाफ ही 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रचा था। एक साल बाद उन्होंने एक बार फिर अपने अंदाज में पारी की शुरुआत की। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज को छक्का जड़ दिया। फिर थोड़ी देर बाद ही जीटी के हेड कोच आशीष नेहरा ने मास्‍टरस्‍ट्रोक खेला और शिकार ने वैभव का काम तमाम कर दिया।

सूर्यवंशी शुरुआत से ही पूरी आक्रामकता के साथ बल्‍लेबाजी रहे थे और सिर्फ 15 गेंदों पर 36 रन बनाकर बैटिंग कर रहे थे, लेकिन तभी गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा ने बाउंड्री रोप के पास खड़े होकर खुद कमान संभाली। इसी बीच उन्‍होंने सिराज को एक मैसेज दिया और सिराज ने योजना को पूरी तरह से लागू किया और सूर्यवंशी की पारी का अंत हो गया। इसके साथ ही राजस्थान के मैच जीतने की उम्मीदें भी पल भर में खत्म हो गईं।

रफ्तार का अंदाजा नहीं लगा पाए वैभव

ब्रॉडकास्ट कैमरों में गुजरात टाइटंस के हेड कोच बाउंड्री रोप के पास खड़े होकर कुछ इशारे करते हुए कैद हो गए। अगर आप ध्यान से देखें तो आप पाएंगे कि भारत के नेहरा अपने हाथ से सिर की ओर इशारा कर रहे थे, जिसका मतलब था कि सिराज सूर्यवंशी को बाउंसर गेंद डालें। कुछ ही देर बाद सिराज ने वैसी ही गेंद डाली और सूर्यवंशी गेंद की रफ्तार का अंदाजा नहीं लगा पाए। गेंद हवा में उछल गई और अरशद खान ने आसानी से कैच लपक लिया।

ऑरेंज कैप रेस में 5वें पायदान पर पहुंचे वैभव

वैभव सूर्यवंशी इस 36 रन की पारी के साथ आईपीएल 2026 में 11 मैचों के बाद कुल 440 रनों तक पहुंच गए हैं। वह अब ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड में पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस और रॉयल्स के बीच हुए मैच की बात करें तो, गुजरात टाइटंस ने मेज़बान टीम को सिर्फ़ 152 रनों पर समेटकर 77 रनों से जीत हासिल की। ​​इस जीत के साथ, टाइटंस पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुँच गए, जबकि रॉयल्स पाँचवें स्थान पर खिसक गए।

Updated on:
10 May 2026 09:39 am
Published on:
10 May 2026 09:39 am