क्रिकेट

जिस फैसले के कारण हारी किंग्स XI पंजाब की टीम, कप्तान अश्विन ने उसी का किया बचाव

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अश्विन के जिस फैसले के चलते उनकी टीम को हार मिली, कप्तान आर. अश्विन ने उसका बचाव किया है।
2 min read
• •
Updated: 9 May 2018, 7:25 PM IST
ipl

नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब को जिस फैसले के कारण हार झेलना पड़ा था, मैच के बाद कप्तान आर अश्विन उसी फैसले का बचाव करते दिखे। जी हां, मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में अश्विन ने बल्लेबाजी क्रम में खुद को ऊपर लेकर आए थें। लेकिन उनकी यह रणनीति बिल्कुल गलत साबित हुई। कृष्णप्पा गौतम ने अश्विन को बिना खाता खोले आउट कर पंजाब की टीम को गहरे दवाब में ला दिया। जिसके बाद अंत तक पंजाब जीत के लिए जुझती दिखी। लेकिन चौकाने वाली बात यह है कि मैच के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अश्विन ने अपने फैसले का बचाव किया।

फैसले को बताया एक प्रयोग-
किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए खुद के ऊपर आने के फैसले का बचाव करते हुए कहा है कि यह एक प्रयोग था। अश्विन का बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आने का फैसला पंजाब के लिए सही नहीं रहा और वह कृष्णप्पा गौतम की गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। पंजाब को इस मैच में राजस्थान के हाथों 15 रन से हार का सामना करना पड़ा।

पढ़े क्या कहा अश्विन ने -
अश्विन ने मैच के बाद कहा कि तीन नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मेरा आना, महज एक प्रयोग था। एक टीम होने के नाते हमें अपनी कमी पता है और हम विभिन्न मिश्रणों के माध्यम से इसकी काट करने की कोशिश कर रहे हैं। उम्मीद है कि यह सब ठीक हो जाएगा। चिंता वाली कोई बात नहीं है क्योंकि हम 10 में से छह मैच जीते हुए हैं।

पावरप्ले के दौरान नहीं कर सके बेहतर -
कप्तान ने टीम की हार को लेकर कहा कि हमने जल्द ही काफी विकेट गंवा दिए और अंत में हम वापसी के लिए संघर्ष करते नजर आए। हम पावरप्ले में अटैक करते हुए इस मैच में अपनी पकड़ को मजबूत करना चाहते थे। गेंद जैसे-जैसे पुरानी होती जा रही थी, बल्लेबाजी के लिए मुश्किल होती जा रही थी। लेकिन, पावरप्ले में हम अच्छी गेंदबाजी नहीं कर सके।

Published on: