बाबर टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12 हज़ार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने क्रिस गेल और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।
Babar Azam, fastest to the 12,000 T20 runs: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने गुरुवार को टी20 क्रिकेट में एक बड़ा मील का पत्थर पार किया। पाकिस्तान सुपर लीग (IPL) 2026 में पेशावर जल्मी और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच में 31 साल के बाबर ने 51 गेंद पर ताबड़तोड़ 87 रनों की पारी खेली। इसी के साथ वे टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12 हज़ार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
बाबर ने यह कारनामा 338 पारियों में किया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 343 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली 360 पारियों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को 368 और जोस बटलर को 405 पारियां लगी थीं।
रिकॉर्ड बनाने के दिन बाबर का बल्ला भी जमकर बोला। उन्होंने नाबाद 87 रन की पारी खेली और नंबर तीन पर आए कुसल मेंडिस के साथ 191 रनों की साझेदारी की। इस जोड़ी की बदौलत पेशावर ने 20 ओवरों में 246 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और कराची को हराकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
यह रिकॉर्ड-तोड़ पारी एक दिलचस्प पृष्ठभूमि में आई। एक दिन पहले ही एक पाकिस्तानी पत्रकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर से पूछा, "विराट कोहली के पास आपसे मिलते-जुलते शॉट हैं, लेकिन वो मैच फिनिश करते हैं जो आपके बारे में कहा जाता है कि आप नहीं कर पाते। इस तुलना पर आपका क्या कहना है?"
बाबर को यह सवाल नागवार गुजरा और उन्होंने पत्रकार को बीच में ही रोक दिया। "यहीं रोको। ऐसी सोच अपने पास रखो। तुलनाएं बंद करो और आगे बढ़ो। यह तुम्हारी गलतफहमी है कि मैंने मैच फिनिश नहीं किए," बाबर ने दो टूक जवाब दिया।
बाबर और कोहली की तुलना कोई नई बात नहीं है। 2021-22 में जब बाबर तीनों फॉर्मेट में रन बरसा रहे थे और कोहली फॉर्म से जूझ रहे थे, तब यह चर्चा जोर पकड़ी थी। उसी दौर में बाबर ने कोहली के लिए सोशल मीडिया पर लिखा था, "यह दौर भी गुजर जाएगा।" 2021 में बाबर ने कोहली को आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक की कुर्सी से भी हटाया था जो 1,258 दिनों से कोहली के पास थी। 2023 में वो सिर्फ 97 पारियों में वनडे में 5,000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज बल्लेबाज भी बने।