क्रिकेट

दासुन शनाका को क्यों नहीं दिया गया रनआउट, अंपायर्स से हुई गलती या क्रिकेट में है ऐसा कोई नियम? जानें सब कुछ

Run Out Rule: एशिया कप 2025 के सुपर 4 के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के बल्लेबाज दासुन शनाका सुपर ओवर में रनआउट होते होते बच गए लेकिन इस फैसले ने नए विवाद को जन्म दे दिया। चलिए जानते हैं क्या है नियम।
2 min read
Sep 27, 2025
Dasun Shanaka Run Out in Super Over Asia Cup 2025
दासुन शनाका के खिलाफ अपील करते हुए अर्शदीप सिंह (फोटो- IANS)

IND vs SL Asia Cup 2025: भारतीय क्रिकेट टीम का धमाकेदार फॉर्म जारी है और उसने शुक्रवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका को रोमांचक मुकाबले में सुपर ओवर में शिकस्त दी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 202 बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने भी 20 ओवर खत्म होने के बाद 202 रन बना लिए। इसके बाद सुपर ओवर हुआ और यहीं से नए विवाद का जन्म हुआ।

अर्शदीप ने की कॉट बिहाइंड की अपील

दरअसल सुपर ओवर की पहली गेंद पर कुसल परेरा रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। अर्शदीप सिंह कीच चौथी गेंद पर दासुन शनाका ने वाइड यॉर्कर को खेलने की कोशिश की लेकिन वह गेंद को छू भी नहीं पाए। गेंद संजू सैमसन के दस्तानों में समा गई लेकिन दासुन शनाका रन के लिए निकल गए। सैंजू सैमसन ने कोई गलती नहीं की और दूर से ही स्टंप पर निशाना लगाया और रनआउट कर दिया। लेग अंपायर ने भी शनाका को रनआउट दे दिया। तभी अर्शदीप सिंह ने कॉट बिहाइंड की अपील की।

नॉन स्ट्राइक वाले अंपायर ने फैसला थर्ड अंपायर के पास भेजा, जिसमें देखा गया कि गेंद बल्ले से काफी दूर है। अब MCC का नियम कहता है कि अगर बॉलर गेंद डालने के बाद अपील करता है तो उसके बाद गेंद डेड मानी जाती है। मतलब उस गेंद के साथ कोई भी एक्शन मान्य नहीं होगा। इसी नियम के तहत दासुन शनाका रनआउट होने से बच गए। हालांकि सच्चाई कुछ और ही कहती है। दरअसल नियम कहता है कि अपील के बाद गेंद डेड हो जाती है, लेकिन इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह के अपील करने से पहले संजू सैमसन रनआउट कर चुके थे। ऐसे में अंपायर को रनआउट देना चाहिए था। लेकिन यहां उनसे गलती हुई।

सुपर ओवर में हुआ विवाद

यह पहला मौका नहीं है जब भारत श्रीलंका मैच के दौरान सुपर ओवर में विवाद हुआ है। इससे पहले भी सुपर ओवर को लेकर विवाद हो चुका है, जब अंपायर्स ने मैच टाई होने के बावजूद सुपर ओवर कराने का फैसला नहीं लिया। फिलहाल इस मैच के परिणाम का आगे के किसी भी टीम के सफर पर कोई असर नहीं पड़ा। रविवार को जहां भारतीय टीम टी20 एशिया कप का दूसरा खिताब जीतने उतरेगी, तो पाकिस्तान पहली बार ट्रॉफी उठाना चाहेगी। दोनों टीमें एशिया कप के इतिहास में पहली बार आमने सामने होंगी। पाकिस्तान ने कुल 2 बार खिताब जीता है तो भारतीय टीम 7 बार वनडे फॉर्मेट और 1 बार टी20 फॉर्मेट की ट्रॉफी उठाई है।

Updated on:
27 Sept 2025 01:56 am
Published on:
27 Sept 2025 01:35 am