क्रिकेट

गॉल टेस्ट : इंग्लैंड 6 विकेट से जीता, सीरीज 2-0 से जीती

-श्रीलंका को दूसरे टेस्ट मैच में छह विकेट से हराकर इंग्लैंड ने दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम की।-अब इंग्लिश टीम भारत रवान होगी, यहां वह पांच फरवरी से चार टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेगी।-श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत के साथ इंग्लिश टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप टेबल में चौथे स्थान पर पहुंची।  
2 min read
• •
Updated: 26 Jan 2021, 10:54 AM IST
england.jpg

नई दिल्ली। इंग्लैंड (England) ने सोमवार को यहां गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका (Sri Lanka) को दूसरे टेस्ट मैच में छह विकेट से हरा दिया। इसके साथ इंग्लैंड ने दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। अब इंग्लिश टीम भारत रवान होगी, जहां वह पांच फरवरी से चार टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेगी।

श्रीलंका ने मैच के चौथे दिन इंग्लैंड के सामने 164 रनों का लक्ष्य रखा था। एक समय इंग्लिश टीम ने 89 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन ओपनर डोमिनिक सिब्ले और नम्बर-6 जोस बटलर ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 75 रन जोड़ते हुए उसकी जीत सुनिश्चित की।

इससे पहले, इंग्लिश स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की दूसरी पारी 126 रनों पर समेट दी। पहली पारी के आधार पर श्रीलंका को 37 रनों की बढ़त मिली थी। इस आधार पर इंग्लैंड को जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य मिला था।

इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जैक लीच ने 59 रन देकर चार विकेट लिए जबकि डॉम बेस ने 49 रन देकर इतनी ही सफलता हासिल की। श्रीलंका ने चौथे दिन सुबह इंग्लैंड की पहली पारी 344 रनों पर समेट दी थी। इंग्लिश टीम तीसरे दिन के अपने स्कोर में सिर्फ पांच रन जोड़ पाई थी।

दूसरी पारी में श्रीलंका की ओर से लेफ्ट आर्म स्पिनर लसिथ इम्बुलडेन्या ने सबसे अधिक 40 रन बनाए। पहली पारी में इंग्लैंड के लिए 186 रनों की पारी खेलने वाले इंग्लिश कप्तान जोए रूट को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। रूट ने चार पारियों में कुल 426 रन बनाए। इस जीत के साथ इंग्लिश टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

Published on: