क्रिकेट

ENG vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम का ऐलान, IPL खेल रहे रेहान और बेथेल को भी चुना

England team announce for Lord's test: इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले सीजन के पहले टेस्‍ट के लिए 15 सदस्‍यीय टीम घोषित कर दी है। इस टीम से क्रॉली और पोप को बाहर रखा गया है।
2 min read
May 13, 2026
England team announce for Lord's test
इंग्लैंड क्रिकेट टीम (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

England team announce for Lord's test: इंग्लैंड की पुरुष टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम की घोषणा कर दी है। यह टेस्ट गुरुवार 4 जून 2026 से शुरू होगा। इस टेस्‍ट से जैक क्रॉली और ओली पोप को बाहर रखा गया है। जबकि टेस्ट स्तर पर अभी तक न खेलने वाले तीन खिलाड़ी एमिलियो गे, सन्नी बेकर और जेम्स र्यू को शामिल किया गया है। स्पिनर रेहान अहमद, मैथ्यू फिशर और ओली रॉबिन्सन टेस्ट टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं।

आईपीएल खेल रहे रेहान और बेथेल भी टीम में शामिल

बताया जा रहा है कि इंग्‍लैंड की टीम 24 मई से शुरू होने वाले सप्ताह में लॉफबोरो में एक ट्रेनिंग कैंप के लिए रिपोर्ट करेगी। रेहान अहमद और जैकब बेथेल, जो अभी इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ अपनी जिम्मेदारियां पूरी होने के बाद इंग्लैंड लौटेंगे। वहीं, जोफ्रा आर्चर पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। वह अभी भी आईपीएल खेल रहे हैं और छह महीने तक लगातार सफर पर रहने के बाद अब उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा।

एमिलियो, जेम्स और सन्नी को लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते मिली जगह

इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने कहा कि हमने एक ऐसी टीम चुनी है, जिसमें हमें लगता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित हो चुके अनुभवी खिलाड़ियों, काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टेस्ट स्तर पर आगे बढ़ने की अपार क्षमता रखने वाले खिलाड़ियों का एक बेहतरीन मिश्रण है।

उन्‍होंने बताया कि नए प्‍लेयर्स एमिलियो, जेम्स और सन्नी ने लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई है। इन्होंने न सिर्फ अपनी प्रतिभा से हमें प्रभावित किया है, बल्कि दबाव वाले हालात में जिस तरह से इन्होंने क्रिकेट खेला है, वह भी काबिले-तारीफ है।

वहीं, रेहान, मैट और रॉबिन्‍सन जैसे खिलाड़ियों की वापसी भी बहुत अच्छी है, जो सभी टीम में अलग-अलग खूबियां और अनुभव लेकर आते हैं। टीम में जगह बनाने के लिए मुकाबला बहुत कड़ा है और एक टेस्ट टीम के तौर पर हम बिल्कुल यही चाहते हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की पुरुष टीम

बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सन्नी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स र्यू, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ और जोश टंग।

Updated on:
13 May 2026 06:03 pm
Published on:
13 May 2026 05:46 pm