
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
Hardik Pandya training: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने पूरे जोर-शोर से ट्रेनिंग शुरू कर दी है। उन्होंने रिलायंस कॉर्पोरेट पार्क में तीन घंटे से ज्यादा समय तक खूब पसीना बहाया है। हार्दिक पीठ में खिंचाव के कारण आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दो मैच नहीं खेल पाए थे। वहीं, रिपोर्ट आ रही है कि उनके गुरुवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले जाने वाले मैच के लिए टीम से जुड़ने की संभावना भी कम ही है।
मुंबई इंडियंस का कहना है कि वह पीठ के खिंचाव से उबर रहे हैं, लेकिन उनकी जोरदार ट्रेनिंग के कुछ वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर भी डाले हैं, जिन्होंने लोगों की भौंहें चढ़ा दी हैं। क्या मामला जितना दिख रहा है, उससे कहीं ज्यादा गंभीर है? टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रेसिंग रूम में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और हार्दिक का मैदान से बाहर रहना कुछ जरूरी सवाल खड़े करता है।
दरअसल, पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम मंगलवार दोपहर चंडीगढ़ से धर्मशाला पहुंची, लेकिन न तो हार्दिक और न ही कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव इस ग्रुप के साथ थे। सूर्यकुमार के घर हाल ही में एक बेटी का जन्म हुआ है, समझा जा सकता है कि वह रविवार को रायपुर में मैच खत्म होने के तुरंत बाद ही वह हार्दिक और कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ मुंबई चले गए थे। बाकी टीम चंडीगढ़ गई और फिर वहां से धर्मशाला के लिए रवाना हुई।
यह देखना बाकी है कि सूर्यकुमार टीम के साथ कब जुड़ेंगे, क्योंकि आरसीबी के खिलाफ मैच के दिन ही वह टीम से जुड़े थे। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से कुछ समय पहले तक वह टीम में वापस आ जाएंगे।
मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन एक बुरे सपने के समान रहा है। टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है। बचे हुए मैचों में टीम को न सिर्फ अपने बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने का मौका मिलेगा, बल्कि उन सुपरस्टार खिलाड़ियों को आराम देने का भी मौका मिलेगा, जिनका प्रदर्शन इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले मुकाबलों के लिए जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है। वहीं, मुख्य कोच महेला जयवर्धने अभी भी अपने मुख्य खिलाड़ियों का ही समर्थन कर रहे हैं, लेकिन अब ऐसा लगता है कि उन नए चेहरों को आजमाने का समय आ गया है, जो आने वाले सीजन में फ्रेंचाइजी के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
Updated on:
13 May 2026 03:46 pm
Published on:
13 May 2026 03:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
