
वैभव सूर्यवंशी (फोटो सोर्स: IANS)
AB de Villiers challenge to Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में जमकर गर्दा उड़ा रहे हैं। इसी वजह से हर कोई इस वंडर बॉय की चर्चा कर रहा है। इसी कड़ी में एबी डिविलयर्स का नाम भी जुड़ गया है। एबीडी का मानना है कि इस टीनएजर को अभी अपनी काबिलियत साबित करने के लिए काफी लंबा सफर तय करना है, तभी वे उनकी क्षमताओं को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हो पाएंगे। महज एक साल से कुछ ज्यादा समय में ही, सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के पोस्टर बॉय बन गए हैं। लोकप्रियता के मामले में उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया है।
एबीडी ने स्टूअर्ट ब्रॉड और जोस बटलर की ओर से होस्ट किए जाने वाले एक पॉडकास्ट बतौर मेहमान कहा कि सच कहूं तो, मुझे नहीं पता कि वह लंबे समय तक टिक पाएगा या नहीं। यही बात मैं अपने भाइयों और दोस्तों से भी कहता हूं। इस उम्र में उसका प्रदर्शन वाकई अविश्वसनीय है। हमें पता है कि उसमें टी20 टैलेंट की कोई कमी नहीं है, लेकिन मैं उसे क्रिकेट के दूसरे फॉर्मेट्स में भी खेलते हुए देखना चाहूंगा। टेस्ट क्रिकेट में, आपको पहले से अंदाजा नहीं होता कि आपको किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि बहुत सी चीजे बदल जाएंगी, जब तक कि कोई आकर उससे यह न कह दे… सुनो, तुम अपनी बाकी की जिंदगी टी20 स्पेशलिस्ट के तौर पर ही बिताओगे। बधाई हो, तुम्हें बस यही करना है। तब उसका करियर बहुत लंबा और सफल होगा, लेकिन अगर वह वनडे इंटरनेशनल और खासकर टेस्ट क्रिकेट में भी हाथ आजमाना शुरू करता है तो उसे मानसिक और शारीरिक दोनों ही रूप से अपने क्रिकेट का एक बिल्कुल अलग ही पहलू देखने को मिलेगा।
एबीडी ने फिर दोहराया कि जहां इस युवा खिलाड़ी की प्रतिभा और उसके हैरतअंगेज कारनामों से कोई इनकार नहीं कर सकता। वहीं ‘मिस्टर 360’ ने सभी से थोड़ा सब्र रखने की गुजारिश की है। सूर्यवंशी की कहानी तो अभी से ही एक मिसाल बन चुकी है। जिस तरह उसने ट्रायल्स के दौरान राजस्थान रॉयल्स की स्काउटिंग टीम को प्रभावित किया, जिस तरह कुछ लोगों ने मजाक में उस पर एआई की देन तक कह दिया है। उसने जिस निडरता के साथ जसप्रीत बुमराह, जोश हेज़लवुड और पैट कमिंस जैसे गेंदबाजों का सामना किया, ये सब कोई आम क्रिकेट कहानियां नहीं हैं।
यह भविष्यवाणी की जा रही है कि उसका भविष्य बहुत उज्ज्वल है और वह अगले दो दशकों तक क्रिकेट की दुनिया पर राज कर सकता है। इसमें कोई शक नहीं कि सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। लेकिन, क्या वह खुद को सर्वकालिक महान खिलाड़ियों की श्रेणी में शामिल कर पाएगा? यही वह सवाल है जिसका जवाब जानने के लिए एबीडी भी उत्सुक हैं।
उन्होंने अंत में कहा कि क्या उसके पास उन तमाम बाधाओं का सामना करने की प्रतिभा है, जो उसके रास्ते में आ सकती हैं? बिल्कुल, लेकिन यह सफर आसान नहीं होगा। यह एक मुश्किल भरा सफर होगा। मुझे उम्मीद है कि वह इसी रास्ते पर आगे बढ़ेगा और अपने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलेगा। मैं उसके इस सफर को अपनी आंखों से देखना चाहूंगा।
Published on:
13 May 2026 03:00 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
