क्रिकेट

परफॉर्म कर, वरना बाहर बिठा दूंगा… गौतम गंभीर ने सिडनी में इस भारतीय खिलाड़ी को दी थी ‘धमकी’

Gautam Gambhir stern warning to Harshit Rana: सिडनी वनडे में चा‍र विकेट हॉल अपने नाम करने वाले तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अपने बचपन के कोच से फोन पर बातचीत में खुलासा किया है कि उन्‍हें हेड कोच गौतम गंभीर ने कड़ी चेतावनी दी थी। गंभीर ने कहा था कि परफॉर्म कर, वरना बाहर बिठा दूंगा।
2 min read
• •
Oct 26, 2025
Gautam Gambhir stern warning to Harshit Rana
विकेट लेने का जश्‍न मनाते हर्षित राणा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

Gautam Gambhir stern warning to Harshit Rana: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-0 से पिछड़ चुकी पूरी भारतीय टीम पर यूं तो सिडनी में जीत का दबाव था। लेकिन, सबसे ज्यादा दबाव हर्षित राणा पर था। अर्शदीप सिंह की जगह राणा के चयन को लेकर बहस चल रही थी। उन्हें पिछले मैचों में भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्‍हें गौतम गंभीर का चहेता बताते हुए जमकर ट्रोल किया गया। अपने चयन को लेकर हर तरफ से सवालों उठने के बावजूद हर्षित को बस अपने मौके का इंतजार था। आखिरकार सिडनी में वह पल आ ही गया, जब उन्होंने चार विकेट हॉल का जश्न मनाया और चुपचाप टीम के साथ ड्रेसिंग रूम में चले गए।

हर्षित ने अपने बचपन के कोच को सुनाई आपबीती

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की पिच पर गति और उछाल के साथ हर्षित राणा ने 8.4 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए और वह भी महज 4.50 की इकॉनमी से, जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 236 रनों पर समेट दिया। राणा पर्थ और एडिलेड में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। तीसरे वनडे में उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया तो वे एक बार फिर सुर्खियों में आ गए।

लेकिन, हेड कोच गौतम गंभीर ने उन्हें बेहद कड़ी चेतावनी देकर आगे बढ़ाया था। गंभीर का मैसेज था कि परफॉर्म कर, वरना बाहर बिठा दूंगा। टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसका खुलासा खुद हर्षित ने अपने बचपन के कोच शरवन के साथ फ़ोन पर बातचीत में किया है।

'परफॉर्म कर, वरना बाहर बिठा दूंगा'

शरवन ने खुलासा किया कि सिडनी मैच राणा के लिए एक बड़ी परीक्षा था। उन्होंने कहा कि राणा बाहरी शोर को रोकने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था और गंभीर ने ही उसे प्रेरित किया। शरवन ने बताया कि हर्षित ने मुझे फोन किया और कहा कि वह अपने प्रदर्शन से बाहरी शोर को बंद करना चाहता है।

मैंने बस इतना कहा, खुद पर भरोसा रखो। मुझे पता है कि कुछ क्रिकेटर कहते हैं कि वह गंभीर के करीबी हैं। लेकिन, गंभीर प्रतिभा को पहचानते हैं और उनका समर्थन करते हैं। उन्होंने हर्षित को बुरी तरह डांटा भी। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि परफॉर्म कर, वरना बाहर बिठा दूंगा। वह सभी को स्‍पष्‍ट मैसेज देते हैं।

पूर्व क्रिकेटरों पर साधा निशाना

उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीकांत पर पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जिन्होंने आरोप लगाया था कि राणा को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे टीम में इसलिए चुना गया, क्योंकि वह गंभीर की हां में हां मिलाते थे। पहले श्रीकांत ने इस बच्चे का मामला उठाया।

रिटायरमेंट के बाद कई क्रिकेटरों ने कमाई के लिए अपने यूट्यूब चैनल शुरू किए हैं, लेकिन कृपया किसी भी नए बच्चे की आलोचना न करें। उन्हें निर्देश देने, डांटने का अधिकार है, लेकिन कृपया अपने यूट्यूब चैनल की लोकप्रियता के लिए कुछ न कहें।

Updated on:
26 Oct 2025 08:35 am
Published on:
26 Oct 2025 08:35 am