
Harshit Rana ruled out, India vs England ODI Series: टी20 सीरीज हारने के बाद भारत अब इंग्लैंड से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने जा रहा है। इस सीरीज का पहला मुक़ाबला 14 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
राणा को टी20 सीरीज के दौरान चोट लगी थी और वे आखिरी टी20 मुक़ाबला भी नहीं खेल पाये थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। राणा की जगह इंग्लैंड वनडे सीरीज में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका दिया गया है।
हर्षित राणा इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 में दाहिने हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ होने की बात कही थी। स्कैन में पता चला कि उन्हें ग्रेड 1 हैमस्ट्रिंग चोट है। इस वजह से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया। राणा आगे की जांच और प्रबंधन के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COI) को रिपोर्ट करेंगे।
इससे पहले चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शिवम दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया था। नितीश रेड्डी को चेन्नई में अफगानिस्तान ए के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी, और उनके प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है।
भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच बर्मिंघम में 14 जुलाई को खेला जाएगा, जिसके बाद कार्डिफ में 16 जुलाई को अगले मैच का आयोजन होगा। सीरीज का अंतिम मुकाबला 19 जुलाई को लंदन में खेला जाना है।
वहीं, दाएं हाथ के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में बाएं हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ होने की बात कही थी। एमआरआई स्कैन में उन्हें ग्रेड 2 हैमस्ट्रिंग चोट का पता चला। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। वरुण अब बीसीसीआई सीओई को रिपोर्ट करेंगे। जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज के लिए वरुण चक्रवर्ती की जगह दाएं हाथ के स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है।
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव।