क्रिकेट

गौतम गंभीर को पसंद आया ICC का टेस्ट में नया प्रयोग, खराब रोशनी होने पर पिंक बॉल के इस्तेमाल का किया समर्थन

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले शुक्रवार को गंभीर ने कहा, “मुझे यह फैसला बहुत पसंद आया। मेरा हमेशा से यही मानना रहा है कि अगर मैच का नतीजा निकालने का मौका है, तो उसे जरूर मिलना चाहिए।”
2 min read
Jun 05, 2026
Gautam Gambhir, Shubman Gill, India vs Sri Lanka,
भारतीय कप्‍तान शुभमन गिल से बात करते हेड कोच गौतम गंभीर। (फोटो सोर्स: IANS)

Gautam Gambhir Supports ICC: भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के फैसले का स्वागत किया है, जिसमें दिन के टेस्ट मैचों में खराब रोशनी होने पर पिंक बॉल इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। गंभीर का मानना है कि इससे मौसम खराब होने पर भी मैच का नतीजा निकालने का बेहतर मौका मिलेगा।

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले शुक्रवार को गंभीर ने कहा, “मुझे यह फैसला बहुत पसंद आया। मेरा हमेशा से यही मानना रहा है कि अगर मैच का नतीजा निकालने का मौका है, तो उसे जरूर मिलना चाहिए।”

WTC फाइनल की जगह दांव पर हो तो…

गंभीर ने आगे कहा, “कल्पना कीजिए कि आप वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे हैं और जीतकर क्वालीफाई करने का मौका है। लेकिन खराब रोशनी के कारण मैच रुक जाता है। ऐसी स्थिति में अगर दोनों टीमें तैयार हों, तो पिंक बॉल इस्तेमाल करके मैच पूरा करना चाहिए।”

कोच ने स्वीकार किया कि एक ही मैच में लाल बॉल से पिंक बॉल पर स्विच करना खिलाड़ियों के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है। फिर भी, जब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की जगह दांव पर हो, तो खिलाड़ियों को इस बदलाव के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि इससे खिलाड़ियों में अनिश्चितता पैदा हो सकती है, लेकिन दो साल की मेहनत के बाद अगर आखिरी टेस्ट मैच मौसम की वजह से अधूरा रह जाता है, तो उससे बड़ी अनिश्चितता क्या होगी? इसलिए यह एक सकारात्मक और सक्रिय कदम है। उम्मीद है सभी टीमें इसे सकारात्मक रूप से लेंगी।”

नया नियम क्या है?

इस हफ्ते आईसीसी ने फैसला लिया है कि दिन के टेस्ट मैच में खराब रोशनी होने पर लाल बॉल की जगह पिंक बॉल इस्तेमाल की जा सकेगी। इसके लिए मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों की सहमति जरूरी होगी और मैच लाइट्स के नीचे खेला जाएगा। अहमदाबाद में हुई आईसीसी बोर्ड मीटिंग में चीफ एक्जीक्यूटिव्स कमेटी की सिफारिश को मंजूरी मिली। अब तक टेस्ट मैच में या तो पूरी तरह लाल बॉल या पिंक बॉल का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब बीच में स्विच करने का रास्ता खुल गया है। यह नियम खासकर उन मैचों में फायदेमंद साबित होगा, जहां मौसम मैच बिगाड़ देता है।

Published on:
05 Jun 2026 06:49 pm