ICC On Pakistan Demands: आईसीसी के सामने भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए जो पाकिस्तान ने शर्त रखी थी, उसमें से 3 खारिज हो गई हैं।
India vs Pakistan T20 World Cup 2026 Match Controversy: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर पाकिस्तान ने जो डिमांड्स रखी थीं, उनमें से आईसीसी ने तीन को खारिज कर दिया है। दरअसल, आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने कड़ा एक्शन लेते हुए उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को एंट्री दे दी।
यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि पाकिस्तान ने नया ड्रामा शुरू कर दिया और वर्ल्ड कप के बायकॉट की धमकी देने लगा। हालांकि, बाद में पाकिस्तान सरकार ने फैसला लिया और कहा कि उनकी टीम वर्ल्ड कप में तो हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को खेले जाने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस पूरे मामले को लेकर आईसीसी ने पीसीबी से बात की और एक लंबी बैठक हुई। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने 5 बड़ी शर्तें रखीं। इन शर्तों में सबसे बड़ी मांग यह थी कि उसे आईसीसी के रेवेन्यू में से ज्यादा हिस्सा दिया जाए।
इसके अलावा पाकिस्तान ने यह भी मांग की कि बांग्लादेश को मुआवजा मिले, क्योंकि वह वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है। साथ ही पाकिस्तान ने यह शर्त भी रखी कि भारत उसके साथ द्विपक्षीय और ट्राई सीरीज खेले, और भविष्य में होने वाले WTC (World Test Championship) में भी भारत-पाकिस्तान के मुकाबले रखे जाएं।
इसके जवाब में आईसीसी ने साफ कहा कि द्विपक्षीय सीरीज खेलना या कराना उनका मामला नहीं है और वे इसमें कोई दखल नहीं देते। यहां तक कि WTC में भी मुकाबले तय करने में आईसीसी की सीमित भूमिका होती है। वहीं, भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच टी20 सीरीज कराने की मांग को भी आईसीसी ने खारिज कर दिया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश के लिए अच्छी खबर यह है कि अगले अंडर-19 वर्ल्ड कप की मेजबानी उसे दी जा सकती है। हालांकि आईसीसी ने अभी कन्फर्म नहीं किया है।