क्रिकेट

IND vs AFG Weather Report: धर्मशाला में भारी बारिश का अलर्ट, क्या बिना खेले ही धुल जाएगा भारत बनाम अफगानिस्तान मैच?

IND vs AFG 1st ODI Weather Report: भारत और अफगानिस्‍तान के बीच शनिवार 13 जून को खेले जाने वाले पहले वनडे पर भारी बारिश का साया मंडरा रहा है। क्‍या ये मैच बिना खेले ही बारिश से धुल जाएगा? आइये इससे पहले धर्मशाला के मौसम का हाल जान लीजिये।

2 min read
Jun 12, 2026
IND vs AFG 1st ODI Weather Report
धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्‍टेडियम का नजारा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ThakurArunS)

IND vs AFG 1st ODI, Dharamshala Weather Report: भारत और अफगानिस्‍तान के बीच तीन मैचों वनडे इंटरनेशनल सीरीज का आगाज शनिवार 13 जून से होने जा रहा है। इसका पहला मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल क्रिकेट एसोसिएशन स्‍टेडियम में खेला जाना है, जिसके लिए दोनों टीमें वेन्‍यू पर पहुंच चुकी हैं। इसी बीच क्रिकेट फैंस के लिए एक बुरी खबर भी है, क्‍योंकि इस मुकाबले पर भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। आइये मैच से पहले आपको धर्मशाला के मौसम का हाल बताते हैं।

धर्मशाला के मौसम का हाल

धर्मशाला के मौसम की बात करें तो एक्‍यूवेदर के मुताबिक, शनिवार को आसमान में बादलों से घिरा रहेगा। दिन में यहां 90 प्रतिशत बारिश की संभावना है, जबकि रात को यह घटकर 65 प्रतिशत तक रह जाएगी। इसके साथ तूफान आने के भी आसार जताए गए हैं। मैच के दौरान करीब 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया गया है। दिन में तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तो रात को 15 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। अगर मौसम विभाग की भविष्‍यवाणी सच होती है तो शनिवार को मैच 50-50 ओवर की बजाय छोटा हो सकता है। दिन में ज्‍यादा बारिश की संभावना को देखते हुए टॉस में देरी हो सकती है।

भारत बनाम अफगानिस्तान हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और अफगानिस्तान के वनडे इंटरनेशनल हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक इन दोनों का आमना-सामना सिर्फ चार बार हुआ है। इनमें से भारत ने तीन मुकाबले अपने नाम किए हैं। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। अफगानिस्‍तान को अब तक भारत के खिलाफ एक भी जीत नसीब नहीं हो सकी है। ऐसे में अफगानिस्‍तान की टीम अपनी पहली वनडे जीत के लिए पूरा जोर लगाएगी।

भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्‍तान), यशस्‍वी जायसवाल, रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर बल्‍लेबाज), नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़।

अफगानिस्‍तान की टीम

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्‍तान) रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, दरविश रसूली, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, जिया-उर-रहमान शरीफी, फरीद मलिक और बिलाल सामी।

Updated on:
12 Jun 2026 01:29 pm
Published on:
12 Jun 2026 01:21 pm