क्रिकेट

IND vs PAK: तिलक वर्मा ने फिर उधेड़ी पाकिस्तानी गेंदबाजों की बखियां, अभिषेक शर्मा ने खेली रिकॉर्डतोड़ पारी, दिया सबसे बड़ा लक्ष्य

India vs Pakistan, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 21 गेंदों में अर्धशतक ठोका।
2 min read
• •
Oct 03, 2026
Abhishek Sharma T20I Records
अफगानिस्‍तान के खिलाफ शतक का जश्‍न मनाते अभिषेक शर्मा। (फाइल फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India vs Pakistan, Gold Medal Match Update: एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत मिली-जुली रही। वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन ने निराश किया तो अभिषेक शर्मा रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली। इसके बाद तिलक वर्मा ने 21 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया और शिवम दुबे ने आखिरी ओवरों में छक्के चौकों की बारिश कर दी। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 211 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ यह सबसे बड़ा स्कोर है।

51 रन पर गिर गए 2 विकेट

श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत मिली जुली रही। टीम ने वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के रूप में शुरुआती 2 विकेट 51 रन पर खो दिए थे। वैभव 9 गेंदों पर 15 और सैमसन 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर आउट हुए। पारी की शुरुआत करने आए अभिषेक शर्मा क्रीज पर डटे थे और रन गति को बनाए हुए थे। अभिषेक ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़कर टीम का स्कोर 93 तक पहुंचाया।

अभिषेक ने खेली रिकॉर्ड तोड़ पारी

अभिषेक तीसरे विकेट के रूप में 28 गेंदों पर 7 छक्के और 3 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेलकर आउट हुए। अभिषेक 7 छक्कों की मदद से सबसे तेज 400 छक्के पूरा करने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में छक्के लगाने के युवराज सिंह के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 और ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली। श्रेयस अय्यर पांचवें विकेट के रूप में 133 के स्कोर पर 14.1 ओवर में आउट हुए। इसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने छठे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 62 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 193 तक पहुंचाया।

शिवम दुबे 15 गेंदों पर 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने 21 गेंदों पर अपना अर्धशतक लगाया। वह 22 गेंदों पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 51 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ अक्षर 1 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 6 विकेट पर 211 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने 2-2 विकेट लिए। सईम अयूब और अबरार अहमद को 1-1 विकेट मिला।

Updated on:
03 Oct 2026 12:19 pm
Published on:
03 Oct 2026 11:42 am