तीन मैचों की इस सीरीज का पहला मैच आज खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों के साथ कुछ युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है।
शिखर धवन की कप्तानी में टीम इंडिया आज रविवार से श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज करेगी। तीन मैचों की इस सीरीज का पहला मैच आज कोलंबो में खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों के साथ कुछ युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है। फिलहाल विराट कोहली की कप्तानी में इंडिया की एक टीम इंग्लैंड दौरे पर है। यहां उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में शिखर धवन की कप्तानी में दूसरी टीम को श्रीलंका दौरे पर भेजा गया है। श्रीलंका दौरे पर टीम के कोच के रूप में राहुल द्रविड को नियुक्त किया गया है। श्रीलंका दौरे पर आज के मैच में शिखर धवन ओपनिंग करते नजर आएंगे। हालांकि उनके साथ ओपनिंग जोड़ीदार कौन होगा अभी यह खुलासा नहीं हुआ है।
टीम इंडिया में ये है ओपनर्स
श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया में ओपनर्स की बात करें तो इस टीम में देवदत्त पडिक्कल, पृथ्वी शॉ, ऋतुराज गायकवाड़ और नीतीश राणा जैसे ओपनर्स मौजूद हैं। ऐसे में शिखर धवन के साथ पारी का आगाज इन चारों में से कोई कर सकता है। वहीं फॉर्म और इंटरनेशनल अनुभव की बात करें तो पृथ्वी शॉ के ओपनिंग करने की संभावना ज्यादा है। इस मामले में वह देवदत्त पडिक्कल, राणा और गायकवाड़ पर भारी पड़ते हैं। पृथ्वी शॉ ने आईपीएल-14 और विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था।
ईशान किशन हो सकते हैं विकेटकीपर
वहीं विकेटकीपिंग की बात करें तो इसमें दो खिलाड़ियों का नाम सामने आ रहा है। टीम मैनेजमेेंट को संजू सैमसन और ईशान किशन में से किसी का चयन करना होगा। अगर मैनेजमेंट बैटिंग को ध्यान में रखकर विकेटकीपर का चयन करता है तो ईशान किशन को मौका दिया जा सकता है। इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की थी।
ये हो सकता है टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर
वहीं टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर की बात करें तो तीन नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार को मौका दिया जा सकता है। सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया था। वहीं चार नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मनीष पांडे को उतारा जा सकता है। पांडे टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाजों से एक हैं। वहीं पांचवें नंबर पर विकेटकीपर ईशान किशन को भेजा जा सकता है। इसके बाद ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या बैटिंग के लिए आ सकते हैं।
ये हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग 11:
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन की बात करें तो यह इस प्रकार हो सकती है।
शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल