क्रिकेट

IND-A vs AFG-A: इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को 101 रन से रौंदकर अंक तालिका के टॉप पर पहुंची टीम, फ़ाइनल में जगह बनाई

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत-ए ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 319 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान-ए की टीम 36.5 ओवर में 218 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मुकाबला हार गई।

2 min read
Jun 17, 2026
team india a squad
भारतीय ए क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

India A vs Afghanistan A, Tri Nation A Series in Sri Lanka 2026: ट्राई सीरीज का पांचवां मूकबका इंडिया-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच खेला गया। रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस करो या मरो मुक़ाबले में इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए 101 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए अंक तालिका के टॉप पर जगह बना ली है। इस जीत के साथ भारत ने फ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है।

भारत अंक तालिका के टॉप पर पहुंचा

भारत ने 4 में से 2 मैच अपने नाम किए हैं। इस टीम का नेट रन रेट +0.797 है। वहीं, 3 मुकाबलों में 2 जीत के साथ श्रीलंका (+0.494 नेट रन रेट) दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान (-1.983 नेट रन रेट) 3 में से 2 मैच गंवाकर तीसरे पायदान पर मौजूद है।

भारत की मजबूत शुरुआत

बुधवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 319 रन बनाए। भारत को वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 48 गेंदों में 75 रन जोड़े।

प्रियांश का ताबड़तोड़ अर्धशतक

वैभव 28 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद प्रियांश ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 40 रन जुटाए। प्रियांश 42 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 58 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुछ देर बाद टीम ने गायकवाड़ (30) का विकेट भी खो दिया। भारतीय टीम 129 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने कुमार कुशाग्र के साथ चौथे विकेट के लिए 104 रन जुटाकर टीम को दोहरे शतक के पार पहुंचा दिया।

तिलक वर्मा ने खेली कप्तानी पारी

तिलक वर्मा ने टीम के खाते में 59 रन का योगदान दिया, जबकि कुशाग्र 58 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा, विपराज निगम ने 30 रन और निशांत संधू ने नाबाद 21 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से फरीदून दाउदजाई, अब्दुल्ला अहमदजई और फरमानुल्लाह सफी ने 2-2 विकेट निकाले। जहीर खान को 1 विकेट हाथ लगा।

अफगान टीम की खराब बल्लेबाजी

इसके जवाब में अफगान टीम 36.5 ओवरों में महज 218 रन पर सिमट गई। कप्तान इमरान मीर (32) ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 9.4 ओवरों में 70/3 के स्कोर तक पहुंचाया। यहां से बहिर शाह ने फैजल शिनोजादा के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन जुटाकर टीम को 157 के स्कोर तक पहुंचाया।

फैजल 56 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बहिर शाह ने 5 बाउंड्री के साथ 57 रन की पारी खेली। इनके अलावा, मोहम्मद इशाक ने 16 रन और फरमानुल्लाह सफी ने 17 रन बनाए, लेकिन हार के अंतर को कम नहीं कर सके। भारत की तरफ से निशांत संधू ने 6.5 ओवरों में 31 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि यश ठाकुर ने 2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, अंशुल कंबोज, विपराज निगम, सूर्यांश शेडगे और अनुकूल रॉय ने 1-1 प्राप्त किया।

Published on:
17 Jun 2026 06:07 pm