
India vs Afghanistan 1st ODI Highlights: भारत ने कप्तान शुभमन गिल के बेहतरीन अर्धशतक की मदद से अफगानिस्तान को पहले वनडे में 7 विकेट से हरा दिया। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (HPCA) में खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान ने भारत के सामने 195 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारत ने तीन विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हुआ और 50 ओवर से घटकर 25-25 ओवर का हो गया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज के ताबड़तोड़ शतक की मदद से 24.5 ओवर में 194 रन बनाए। गुरबाज 51 गेंदों में आठ चौके और आठ छक्के की मदद से 102 रन की पारी खेली। जवाब में भारत ने इस लक्ष्य को 22.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में 1-0 से आगे हो गया है।
भारत के लिए गिल ने 66 गेंद पर 11 चौके और दो छक्कों की मदद से 84 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं विकेट कीपर केएल राहुल ने 19 गेंद पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाए। उनके अलावा रोहित शर्मा ने 16 गेंद पर 16 रन, ईशान किशन ने 22 गेंद पर 34 और श्रेयस अय्यर ने 15 गेंद अपर 12 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए जिया उर रहमान शरीफी और राशिद खान ने एक - एक विकेट झटके।
इससे पहले अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 26 के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। पारी की शुरुआत करने आए रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक छोर थाम रखा था। गुरबाज ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 142 रन तक पहुंचाया।
गुरबाज 15.3 ओवर में चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उनका विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान का मध्यक्रम और निचलाक्रम ध्वस्त हो गया। टीम 25 ओवर नहीं खेल सकी और 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। कप्तान शाहिदी ने 27 और अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 26 रन बनाए।