क्रिकेट

आधे घंटे भी क्रीज पर नहीं रुके RO-KO, 223 दिन बाद फीकी रही रोहित-कोहली की अंतरराष्ट्रीय वापसी

IND vs AUS: करीब छह महीने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली आधे घंटे भी क्रीज़ पर नहीं टिक पाये और दहाई का आंकड़ा छूये बिना आउट हो गए।
2 min read
Oct 19, 2025
Virat Kohli and Rohit Sharma
भारतीय स्‍टार क्रिकेटर रोहित शर्मा और विराट कोहली। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India vs Australia 1st ODI at Perth: ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुक़ाबला खेला जा रहा है। पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 223 दिन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। लेकिन यह वापसी बेहद फीकी रही। दोनों खिलाड़ी आधे घंटे भी क्रीज़ पर नहीं तिक पाये।

भारत की बेहद खराब शुरुआत

ओवरकास्ट कंडीशन होने की वजह से गेंदबाजों अच्छी स्विंग मिल रही है। पर्थ की उछाल भरी पिचों में यह परिस्थितियां और भी घटक साबित हो रही हैं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने मात्र 13 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गवां दिया। छह महीने के बाद वापसी कर रहे रोहित शर्मा 16 मिनट ही क्रीज पर टिक सके। जोश हेजलवुड ने उन्हें स्लिप पर मैट रेनशॉ के हाथों कैच आउट कराया।

आधे घंटे भी क्रीज़ पर नहीं रुक पाये रोहित और कोहली

रोहित अपना 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके और 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। वहीं कोहली का हाल तो इससे भी बुरा था, वे कंगारू तेज गेंदबाजों के सामने लगातार संघर्ष करते हुए नज़र आए और बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर ऑफ स्टम्प के बाहर की गेंद पर उन्हें गली में कोनोली के हाथों कैच आउट कराया। इस तरह RO-KO आधे घंटे भी क्रीज़ पर नहीं टिक पाये और दहाई का आंकड़ा छूये बिना आउट हो गए।

शुभमन गिल भी पूरी तरह से फ्लॉप

इन दोनों के अलावा कप्तान शुभमन गिल भी पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। गिल 18 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने विकेट कीपर जोश फिलिप के हाथों कैच आउट कराया। फिलहाल बारिश के चलते मैच रुक गया है।

बारिश के चलते मैच रुका

भारत ने 11.5 ओवर में तीन विककेट खोकर 37 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर श्रेयस अय्यर 20 गेंद पर छह और अक्षर पटेल 11 गेंद पर सात रन बनाकर टिके हुए हैं। बारिश के कारण ओवर में कटौती की गई है और अब मैच 49-49 ओवर का हो गया है। भारत ने पावरप्ले में मात्र 27 रन बनाए और तीन विकेट खो दिये हैं। यह उसका 2023 से वनडे में पावरप्ले का दूसरा न्यूनतम स्कोर है। पावरप्ले के दौरान भारतीय टीम तीन बाउंड्री ही लगा सकी।

Updated on:
19 Oct 2025 10:33 am
Published on:
19 Oct 2025 10:33 am