क्रिकेट

Virat Kohli का खुद पर भरोसा, फ्लॉप शो के बाद भी ठुकराई अभिषेक नायर की सलाह, बोले- मैं अपने तरीके से वापसी करूंगा

Abhishek Nayar Statement on Virat Kohli: एजबेस्टन में जीत के बाद टीम इंडिया अब कार्डिफ और लॉर्ड्स में धमाल मचाने को तैयार है। जानिए पूर्व बैटिंग कोच अभिषेक नायर ने विराट कोहली के उस सीक्रेट ‘माई वे’ फॉर्मूले के बारे में क्या बड़ा खुलासा किया है।
2 min read
Jul 16, 2026
Virat कोहली न्यूज़ हिंदी , Ind vs Eng ODI सीरीज 2026 , रोहित शर्मा विराट कोहली
विराट कोहली (Photo - IANS)

Abhishek Nayar Statement on Virat Kohli: विराट कोहली आज जिस मुकाम पर हैं, वहां हर कोई नहीं पहुंच पाता। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि उन्हें अपनी ट्रेनिंग और प्रोसेस पर पूरा भरोसा है। सालों के अनुभव, हार-जीत और उतार-चढ़ाव ने उन्हें सिखाया है कि उनके लिए क्या सही है। यही वजह है कि जब वे लंबे समय बाद भी मैदान पर लौटते हैं, तो बिल्कुल लय में दिखते हैं।

पिछले साल जब कोहली 6 महीने तक क्रिकेट से दूर रहे, तो उन्होंने वापसी करते हुए सिर्फ 7 वनडे मैचों में 616 रन ठोक दिए। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में भले ही वे सस्ते में आउट हो गए हों, लेकिन हर कोई जानता है कि वे अगले मैचों में दमदार वापसी करेंगे। जब वे मैच नहीं खेल रहे होते हैं, तब भी वे लॉर्ड्स (Lord's) के इनडोर नेट्स पर छिपकर कड़ी तैयारी करते हैं।

नायर से कहा, 'मैं अपने तरीके से करूंगा'

पूर्व बैटिंग कोच अभिषेक नायर ने जियोस्टार के शो गुगलीज़ पर विराट की मानसिक मजबूती का एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद जब विराट ने वनडे सीरीज में वापसी की, तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वे लगातार दो बार शून्य (Duck) पर आउट हो गए।

नायर ने बताया, 'मैंने विराट से पूछा कि क्या सब ठीक है? क्या तुम बात करना चाहते हो? विराट ने मुस्कुराकर कहा, 'सब बढ़िया है, यह गेम का हिस्सा है।' जब मैंने कहा कि मेरे पास एक सलाह है, तो विराट का जवाब था, 'नहीं, मैं इसे अपने तरीके से करूंगा।' और अगले ही मैच में रन बनाने के बाद उन्होंने मुझे मैसेज किया, 'मैंने इसे अपने तरीके से कर दिखाया।'

रोहित-विराट की जोड़ी से टीम इंडिया के लिए बड़ी राहत

एजबेस्टन (Edgbaston) में पहला वनडे 6 विकेट से जीतने के बाद टीम इंडिया का हौसला बुलंद है। टी20 सीरीज में 4-0 से हार झेलने के बाद कोच गौतम गंभीर के लिए यह वनडे सीरीज बेहद अहम है। अब टीम की नजरें कार्डिफ (Cardiff) या लॉर्ड्स (Lord's) में से किसी एक मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने पर हैं।

रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी से ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरी तरह बदल गया है। भले ही पहले मैच में दोनों ने बड़े रन न बनाए हों, लेकिन उनका अनुभव टीम को शांति और आत्मविश्वास देता है। इंग्लैंड के खिलाफ उनके शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए, युवा खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ेगा और टीम इंडिया इस सीरीज को अपने नाम करने का दम रखती है।