क्रिकेट

IND vs ENG Test: लॉर्ड्स में इतिहास रचने को तैयार महिला टीम, जीत से सिर्फ 4 विकेट दूर भारत, टेस्ट क्रिकेट में पहली बार होगा ऐसा

यह पहली बार है जब लॉर्ड्स मैदान पर महिला टेस्ट क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। भारत इस ऐतिहासिक मैच को जीतकर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
2 min read
Jul 13, 2026
Indian women test team
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स मैदान में इतिहास रचने को तैयार भारतीय महिला टीम (Photo: IANS/X/@BCCIWomen)

England Women vs India Women, One-off Test: भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉर्ड्स में जारी ऐतिहासिक टेस्ट मैच में जीत से महज 4 विकेट दूर है। रविवार को जीत के लिए 457 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 6 विकेट गंवाकर सिर्फ 130 रन बनाए हैं। फिलहाल इंग्लैंड जीत से 327 रन दूर है, जबकि उसके पास सिर्फ 4 विकेट शेष हैं।

यह पहली बार है जब लॉर्ड्स मैदान पर महिला टेस्ट क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। भारत इस ऐतिहासिक मैच को जीतकर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। अगर भारत इस मैच में जीत हासिल करता है, तो यह इंग्लैंड के खिलाफ उसकी टेस्ट क्रिकेट में चौथी जीत होगी।

भारत ने बेहतरीन बल्लेबाजी

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 285 रन बनाए। भारत ने 37 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद स्मृति मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ 64 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी।

मंधाना शतक से चूकीं

मंधाना 12 बाउंड्री के साथ 83 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि कप्तान कौर ने 58 रन बनाए। इनके अलावा, दीप्ति शर्मा ने 57 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मेजबान खेमे से सोफी एक्लेस्टोन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इसके जवाब में इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर ऑआउट हो गई। इंग्लैंड ने महज 47 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। इसके बाद कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने एमी जोन्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। ब्रंट 5 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि जोन्स ने 6 चौकों के साथ 52 रन बनाए। भारत के लिए क्रांति गौड़ ने 37 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए।

भारत ने पहली पारी में बनाई बढ़त

भारत के पास पहली पारी के आधार पर 115 रन की बढ़त थी। मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी 341/7 के स्कोर पर घोषित करते हुए इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रन का टारगेट दिया। मंधाना ने शेफाली वर्मा (33) के साथ पहले विकेट के लिए 88 रन जुटाए। इसके बाद यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की।

यास्तिका भाटिया का शतक

मंधाना 10 बाउंड्री के साथ 70 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि यास्तिका भाटिया ने 14 चौकों के साथ 113 रन बनाए। यास्तिका लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। ऋचा घोष ने 52 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। इस पारी में 8 चौके शामिल रहे। इंग्लैंड के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम तीसरे दिन की समाप्ति तक 40 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 130 रन ही बना सकी। इस टीम को 2 रन पर टैमी ब्यूमोंट (0) के रूप में शुरुआती झटका लगा। इसके बाद टीम ने 59 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए। हालांकि, यहां से मैडी विलियर्स ने एमी जोन्स के साथ छठे विकेट के लिए 67 रन जुटाकर भारत के जीत के इंतजार को चौथे दिन तक पहुंचा दिया।

विलियर्स 3 चौकों के साथ 26 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जोन्स 6 चौकों के साथ 52 रन बनाकर नाबाद हैं। इस पारी में भारत की ओर से सायली सातघारे, क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने 2-2 विकेट निकाले हैं। लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार महिला टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जिसे जीतकर टीम इंडिया इतिहास रचना चाहेगी।

Updated on:
13 Jul 2026 06:33 am
Published on:
13 Jul 2026 06:33 am