क्रिकेट

धोनी ने की सैम कुरैन की जमकर तारीफ, बोले-‘वह एक संपूर्ण क्रिकेटर हैं’

सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) को 20 रनों से हराने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने आलराउंडर सैम कुरैन (Sam Curran) की तारीफ की है.....

2 min read
Oct 14, 2020
sam_curren.jpg

नई दिल्ली। आईपीएल के 13वें सीजन (IPL 13) के 29वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) को 20 रनों से हराने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने आलराउंडर सैम कुरैन (Sam Curran) की तारीफ की है। चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को यहां के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 13वें सीजन के 29वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 20 रनों से हरा दिया। सैम ने बल्लेबाजी में 21 गेंदों पर 31 रन बनाने के अलावा गेंदबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन किया और तीन ओवर में 18 रन देकर एक विकेट चटकाए।

धोनी ने मैच के बाद कहा, 'वह एक संपूर्ण क्रिकेटर हैं। आपको एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर चाहिए होता है। वह गेंद को अच्छी तरह हिट करते हैं, वह बल्लेबाजी में टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सकते हैं, स्पिनर्स को भी अच्छा खेल सकते हैं। वह आपको तेज 15 से 40 रन दे सकते हैं। अगर आपको लय हासिल करनी हो तो आप कुरैन को ऊपर बल्लेबाजी करने भेज सकते हैं और वह ऐसा करना भी चाहते हैं। इसके साथ ही वह बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं तो हमेशा से फायदे की बात होती है। बल्लेबाजों के लिए बाएं हाथ का गेंदबाज हमेशा परेशानी देने वाला होता।'

कर्ण शर्मा से गेंदबाजी के बारे में धोनी ने कहा,'जैसे-जैसे टूर्नमेंट आगे बढ़ेगा वह डेथ ओवर्स फेंकने को लेकर अधिक सहज हो जाएंगे। इसी वजह से हमने सैम से डेथ ओवर्स में बोलिंग नहीं करवाई और शार्दूल व ब्रावो ने ही पारी के अंत में गेंदबाजी की।'

चेन्नई की आठ मैचों में यह तीसरी जीत है और वह छह अंकों के साथ अंक तालिका में छठे नंबर पर पहुंच गई हैं। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 167 रनों का स्कोर बनाया और फिर उसने हैदराबाद को आठ विकेट पर 147 रनों पर रोक दिया।

धोनी ने कहा, 'मुझे लगता है कि आखिरकार आपको दो अंक मिले हैं और यह मायने रखता है। टी 20 में कुछ मैच आपके पक्ष में नहीं आते हैं और उसी समय कभी-कभी आप जीत हासिल नहीं करते हैं। लेकिन आज हमने अच्छा प्रदर्शन किया, बल्लेबाजी से भी। यह संभवत: एक अच्छा मैच था और आखिर में हम एक या दो ओवर में बेहतर हो सकते थे, लेकिन यह बहुत अच्छा मैच था।'

Published on:
14 Oct 2020 04:11 pm