क्रिकेट

‘मैं मैच जिताऊंगा, यह सोचने वाला कोई नहीं’ KKR से शर्मनाक हार के बाद दिल्ली के डायरेक्टर वेणुगोपाल राव का खिलाड़ियों पर फूटा गुस्सा

IPL 2026, Delhi Capitals vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में मिली करारी हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने बल्लेबाजों को लगाई फटकार, वहीं कैमरून ग्रीन ने खोला KKR की जीत का राज।
2 min read
May 09, 2026
RR vs DC
दिल्‍ली कैपिटल्‍स की टीम। (फोटो सोर्स: IANS)

Venugopal Rao on Delhi Capitals vs KKR: दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सफर अब एक ढलान की तरह लग रहा है। शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के हाथों मिली 8 विकेट की हार ने दिल्ली की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 142/8 रन बनाए, जिसे KKR ने बड़ी आसानी से हासिल कर लिया।

वेणुगोपाल राव ने बल्लेबाजों को दी चेतावनी

मैच के बाद दिल्ली कैपिटल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेणुगोपाल राव काफी निराश दिखे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टीम के बल्लेबाजों को अब जिम्मेदारी लेनी होगी। राव ने कहा, 'शुरुआत अच्छी थी, 7-8 ओवर तक हम मजबूत थे। लेकिन उसके बाद अगले 6-7 ओवरों में हम एक बाउंड्री तक नहीं लगा पाए। इस बड़े टूर्नामेंट में आप ऐसे मौके नहीं गंवा सकते। हर खिलाड़ी को ये सोचना होगा कि 'मैं मैच जिताऊंगा', न कि कोई और आएगा। जिम्मेदारी का यही अहसास टीम में कम दिख रहा है।'

कुलदीप यादव की फॉर्म बनी सिरदर्द

दिल्ली के मुख्य गेंदबाज कुलदीप यादव की फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता है। 10 मैचों में उनके नाम सिर्फ 7 विकेट हैं और रन भी 10 प्रति ओवर की दर से लुटा रहे हैं। इस पर राव ने कहा कि कुलदीप अपनी लय (Rhythm) खो चुके हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे।

KKR का हार से जीत का सफर

एक तरफ दिल्ली डूब रही है, तो दूसरी तरफ KKR ने अपनी किस्मत बदल दी है। पहले 6 मैच लगातार हारने के बाद, KKR ने अब लगातार 4 मैच जीतकर सबको चौंका दिया है। टीम के स्टार खिलाड़ी कैमरून ग्रीन ने बताया कि टीम का माहौल हमेशा से पॉजिटिव था, हार के बावजूद किसी ने हिम्मत नहीं हारी।

फिन एलेन है खतरनाक बल्लेबाज

KKR की जीत के हीरो रहे फिन एलेन, जिन्होंने तूफानी शतक जड़कर मैच को 15 ओवर के अंदर ही खत्म कर दिया। ग्रीन ने एलेन की तारीफ करते हुए उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक बताया। साथ ही, अपनी फिटनेस पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए ग्रीन ने कहा कि वह पूरी तरह फिट हैं और टीम की जरूरत के हिसाब से गेंदबाजी करने के लिए तैयार हैं।

क्या है आगे की राह

दिल्ली के पास अब सिर्फ 3 मैच बचे हैं और उनकी राह बेहद कठिन है। वहीं, जोश से भरी कोलकाता नाइट राइडर्स का अगला मुकाबला 13 मई को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा।

Updated on:
09 May 2026 11:44 am
Published on:
09 May 2026 11:44 am