क्रिकेट

पहले GT से मिली शर्मनाक हार, फिर BCCI ने कमिंस पर ठोका भारी जुर्माना, जानें कप्तान से कहां हुई गलती

Pat Cummins Fined: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को दोहरी मार झेलनी पड़ी है। पहले टीम सिर्फ 86 रनों पर सिमटकर अपनी सबसे बड़ी हार झेल गई, और अब कप्तान पैट कमिंस को स्लो ओवर रेट के लिए भारी जुर्माना भरना पड़ा है।
2 min read
May 13, 2026
Australia squad announce for Pakistan tour
ट्रैविस हेड और पैट कमिंस (Photo - IANS)

Pat Cummins Fined: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए कुछ भी सही नहीं रहा। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ एक बड़ी हार झेलने के बाद अब टीम के कप्तान पैट कमिंस को स्लो ओवर रेट के कारण लाखों का जुर्माना भरना पड़ा है।

SRH को लगा डबल झटका

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गुजरात के खिलाफ मुकाबला किसी बुरे सपने से कम नहीं था। टीम को न केवल मैदान पर करारी शिकस्त मिली, बल्कि मैच के बाद कप्तान पर भी गाज गिरी। BCCI ने हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई आईपीएल की आचार संहिता के तहत स्लो ओवर रेट (तय समय में ओवर पूरे न करना) के कारण की गई है। चूंकि इस सीजन में हैदराबाद की यह पहली गलती थी, इसलिए जुर्माना 12 लाख तक सीमित रहा। कमिंस से पहले अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर जैसे कप्तान भी इस नियम की चपेट में आ चुके हैं।

बल्लेबाजी का शर्मनाक सरेंडर

मैच की बात करें तो 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हैदरबाद (SRH) की टीम सिर्फ 14.5 ओवर में 86 रनों पर ऑल-आउट हो गई। यह रनों के लिहाज से हैदराबाद की अब तक की सबसे बड़ी हार (82 रन) है। साथ ही, 86 रन आईपीएल इतिहास में हैदराबाद का अब तक का सबसे कम स्कोर भी बन गया है।

कप्तान कमिंस ने क्या कहा?

इतनी बड़ी हार और जुर्माने के बाद भी पैट कमिंस ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा, 'T20 क्रिकेट में ऐसा होता रहता है। हमने इस सीजन में 5-6 मैच जीते हैं, जो हमें थोड़ा कॉन्फिडेंस देते हैं। अब हमें इस हार को भुलाकर उन चीजों पर ध्यान देना होगा जिन्होंने हमें जीत दिलाई थी।'

इस हार के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद टॉप 4 में बनी हुई है। अब तक 7 मुकाबले जीतकर टीम तीसरे स्थान पर है और उसे अंतिम 4 का टिकट हासिल करने के लिए बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। हालांकि पैट कमिंस एंड कंपनी एक मैच जीतकर भी अंतिम 4 का टिकट हासिल कर सकती है, बशर्ते अपना नेट रनरेट बेहतर रखना होगा।