
नई दिल्ली। आईपीएल का 11वं संस्करण 7 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। शुरू होने से पहले ही ये टूर्नामेंट विवादों में आ गया है। अलवर के एक शख्स हैदर अली ने आईपीएल को बैन करने की मांग की है और इसके खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की है। दरअसल इंडियन प्रीमियर लीग मैचों के दौरान रोजाना लाखों लीटर पानी का उपयोग किया जाता है। पानी की बर्बादी की वजह से इस टूर्नामेंट पर प्रतिबंध लगाने की याचिका लगायी गई है।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने मांगा जवाब
इस मामले के चलते राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने केंद्र, बीसीसीआई और अन्य से जवाब मांगा है। जस्टिस जावेद रहीम की अध्यक्षता वाली बैंच ने संसाधन मंत्रालय, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और सभी नौ राज्य जहां आईपीएल के मैच खेले जाने हैं सभी से दो सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को होगी। हैदर अली ने आईपीएल की आलोचना करते हुए कहा व्यावसायिक लाभ के लिए संबंधित 9 जगहों पर आईपीएल के मैच करवाना गलत है। इस दौरान यहां लाखों लीटर पानी बर्बाद होता है।'
हैदर ने की बैन करने की मांग
हैदर ने अपनी याचिका में लिखा है के एक तरफ तो देश में लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं, वहीं आईपीएल में हर साल लाखों लीटर पानी बर्बाद कर दिया जाता है। यह पानी पिच बनाने से लेकर स्टेडियम को तैयार करने में इस्तेमाल किया जाता है। बता दें 52 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में मुंबई, चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, इंदौर, मोहाली, हैदराबाद और जयपुर जैसे 9 अलग-अलग जगहों पर 60 मैच खेले जाएंगे। बता दें पहले भी सूखे के चलते आईपीएल विवादों में आ चुका हैं।