
India vs Ireland T20 Series Time changed: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज कल यानी 26 जून से शुरू होनी है। सीरीज के शुरू होने से महज एक दिन पहले मैचों के समय में बदलाव कर दिया गया है। क्रिकेट आयरलैंड (CI) ने बुधवार देर रात आधिकारिक घोषणा की कि भारत के खिलाफ दोनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे, जो भारतीय समय के अनुसार शाम 6 बजे होंगे।
आमतौर पर भारत के टी20 मैच शाम 7 बजे शुरू होते हैं, लेकिन इस बार इन्हें जानबूझकर एक घंटा पहले कर दिया गया है। इस बदलाव की मुख्य वजह महिला टी20 विश्व कप है। 28 जून को लॉर्ड्स में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप का महत्वपूर्ण मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। दोनों मैचों के समय में थोड़ा ओवरलैप तो रहेगा, लेकिन समय बदलकर इस ओवरलैप को कम करने की कोशिश की गई है।
आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले में भारतीय मीडिया पार्टनर सोनी स्पोर्ट्स से भी चर्चा की थी। ब्रॉडकास्टर को आदर्श रूप से भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे का समय पसंद था, लेकिन सोनी स्पोर्ट्स ने दोनों कार्यक्रमों के टकराव को कम करने के लिए इस बदलाव पर सहमति जता दी।
भारत और आयरलैंड टी20 सीरीज के प्रसारण का अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनल पर हिंदी और इंग्लिश के अलावा देश की अन्य भाषाओं में कमेंट्री के साथ यह मैच देख सकते हैं। इसके अलावा इस मैच की लाइव-स्ट्रीमिंग भारत में सोनी लिव एप पर देखी जा सकती है।आप मैच से जुड़ी खबरें, लाइव अपडेट्स और रिकॉर्ड्स www.patrika.com पर भी पढ़ सकते हैं।
भारत और आयरलैंड के बीच अब तक आठ मुकाबले खेले गए हैं और आठों में भारतीय टीम को जीत मिली है। पहली बार दोनों टीमें साल 2009 में आमने-सामने हुई थीं, जहां भारतीय टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
आयरलैंड: लोर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडायर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होए, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैक्कार्थी, जय मूंद्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, रूबेन विल्सन।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।