
Ishan Kishan 1 crore check: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न अभी थमा नहीं है। भारत को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले बिहार के लाल ईशान किशन को शुक्रवार (15 मई, 2026) को बिहार सरकार ने बड़ा सम्मान दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में ईशान किशन से मुलाकात की और उन्हें एक करोड़ रुपये का चेक भेंट किया।
शुक्रवार को जब ईशान किशन मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, तो उनके साथ उनकी मां सुचित्रा सिंह और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ईशान को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'विश्व कप जिताने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बिहार के लाल श्री ईशान किशन जी को राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। बिहार का नाम यूं ही रोशन करते रहिए।'
आपको याद दिला दें कि 8 मार्च 2026 को हुए आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में ईशान किशन ने अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ उस अहम मुकाबले में ईशान ने शानदार 54 रनों की पारी खेली थी। उनके साथ संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भी अर्धशतक जड़े थे, जिसकी बदौलत भारत ने 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और विश्व विजेता बना।
ईशान किशन की इस कामयाबी पर बिहार में खुशी की लहर है। इससे पहले जब ईशान वर्ल्ड कप जीतकर पटना लौटे थे, तब एयरपोर्ट पर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने गुलदस्ता देकर उनका भव्य स्वागत किया था। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दिए गए इस सम्मान ने राज्य के खिलाड़ियों में एक नया उत्साह भर दिया है।