क्रिकेट

IND vs AFG: ईशान किशान ने वनडे क्रिकेट में पूरे किए 1 हज़ार रन, ऐसा करने वाले चौथे सबसे तेज बल्लेबाज

ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में 1 हज़ार रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने यह कीर्तिमान 26 पारियों में हासिल किया है। यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वार बनाए गए चौथे सबसे तेज हज़ार रन हैं।

2 min read
Jun 17, 2026
IND vs AFG
ईशान किशन ने खेली तूफानी पारी (Photo - EspncricInfo)

Ishan Kishan 1000 runs, India vs Afghanistan 2nd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 1 हज़ार रन पूरे कर लिए हैं।

ईशान किशन ने पूरे किए हज़ार वनडे रन

ईशान ने यह कीर्तिमान 26 पारियों में हासिल किया है। यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वार बनाए गए चौथे सबसे तेज हज़ार रन हैं। इस लिस्ट में टॉप पर कप्तान शुभमन गिल हैं। गिल ने 19 पारियों में एक हज़ार रन पूरे किए थे। वहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली और खब्बू बल्लेबाज शिखर धवन ने 24-24 पारियों में ऐसा किया था। नवजोत सिंह सिद्धू और श्रेयस अय्यर ने 25- 25 पारियों में हज़ार वनडे रन पूरे किए थे।

भारत के लिए वनडे में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज

19 शुभमन गिल
24 विराट कोहली/शिखर धवन
25 नवजोत सिद्धू/श्रेयस अय्यर
26 ईशान किशन

हार्दिक पंड्या के नाम हैं सबसे तेज हज़ार रन

गेंद के माध्यम से ईशान वनडे क्रिकेट में सबसे तेज एक हज़ार रन पूरे करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। ईशान ने यह कीर्तिमान 966 गेंदों में पूरा किया है। इस लिस्ट में टॉप पर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या हैं। पंड्या ने 857 गेंद पर यह कीर्तिमान अपने नाम किया था। वहीं दूसरे नंबर पर केदार जाधव हैं। जाधव ने 936, महान ऑलराउंडर कपिल देव और शुभमन गिल ने 954 और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 955 गेंद पर हज़ार वनडे रन पूरे किए हैं।

भारत के लिए वनडे में सबसे कम गेंदों में हज़ार रन बनाने वाले बल्लेबाज

857 हार्दिक पंड्या
936 केदार जाधव
954 कपिल देव
954 शुबमन गिल
955 एमएस धोनी
966 ईशान किशन

वनडे क्रिकेट में फखर ज़मान के नाम है यह रिकॉर्ड

पाकिस्तान के बल्लेबाज फखर ज़मान के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे तेज हजार रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। फखर ने महज 18 पारियों में 1000 रन पूरे कर लिए थे। फखर ने जून 2017 में वनडे डेब्यू किया था जुलाई 2018 में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भी पाकिस्तानी बल्लेबाज ही हैं। इमाम उल हक ने 19 पारियों में 1000 वनडे रन पूरे किए थे। उन्होंने अक्टूबर 2017 में डेब्यू किया था और जनवरी 2019 में एक हजार का आंकड़ा छुआ था।

तीसरे नंबर पर 19 पारियों के साथ शुभमन गिल हैं। वहीं वेस्टइंडीज के लीजेंड खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्सन यहां चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 21 पारियों में एक हजार वनडे रन पूरे किए थे। विवियन ने यह रिकॉर्ड जनवरी 1980 में बनाया था। 38 साल तक इनका रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया था।

Published on:
17 Jun 2026 03:42 pm