क्रिकेट

बीच मैदान पर अंपायर से भिड़े कीरोन पोलार्ड, गाली-गलौज करना पड़ा भारी, BCCI ने लिया एक्शन

Kieron Pollard fine MI vs PBKS: धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुए हाई-वोल्टेज मैच में कीरोन पोलार्ड को अंपायर से बदतमीजी महंगी पड़ गई। वहीं तिलक वर्मा और शार्दुल ठाकुर ने हारी हुई बाजी पलट दी।

2 min read
May 15, 2026
कीरोन पोलार्ड (Photo - IANS)

Kieron Pollard fine MI vs PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर गुरुवार की रात क्रिकेट का असली रोमांच देखने को मिला। मुंबई इंडियंस (MI) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को एक बेहद करीबी मुकाबले में 6 विकेट से हरा तो दिया, लेकिन इस जीत के साथ एक बड़ा विवाद भी जुड़ गया। मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर अंपायर से बदतमीजी करने के लिए मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है।

ये भी पढ़ें

‘हार्दिक से कुछ ज्यादा ही उम्मीद लगाई जा रही है’, पंड्या की खराब कप्तानी और फॉर्म पर अश्विन का बड़ा बयान

पोलार्ड को गुस्सा क्यों आया?

मैच के 19वें ओवर में माहौल काफी गरमा गया था। खबर है कि पोलार्ड ने चौथे अंपायर के खिलाफ अभद्र भाषा (गाली-गलौज) का इस्तेमाल किया, जिसे IPL आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। पोलार्ड ने अपनी गलती मान ली है, लेकिन उन पर जुर्माने के साथ-साथ एक डिमेरिट पॉइंट भी लगा दिया गया है। यह पहली बार नहीं है जब पोलार्ड का नाम अनुशासन तोड़ने में आया हो।

आखिरी ओवर का असली हीरो तिलक

201 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत धमाकेदार रही। रयान रिकेलटन ने सिर्फ 23 गेंदों में 48 रन कूटकर पंजाब के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। हालांकि, बीच में रोहित शर्मा (25 रन) और कुछ अन्य विकेट गिरने से मैच फंस गया था। ऐसे में तिलक वर्मा संकटमोचक बनकर उभरे। तिलक ने महज 33 गेंदों में 75 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़कर मैच मुंबई की झोली में डाल दिया। तिलक का साथ विल जैक्स और रदरफोर्ड ने भी बखूबी निभाया। पंजाब की ओर से युजवेंद्र चहल ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन वह तिलक के तूफान को नहीं रोक सके।

शार्दुल ठाकुर की चतुराई आई काम

इससे पहले, पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। प्रभसिमरन सिंह (57 रन) ने पंजाब को जबरदस्त शुरुआत दी थी और एक समय लग रहा था कि स्कोर 220 के पार जाएगा। लेकिन तभी शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी का जादू दिखाया। शार्दुल ने 39 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने मात्र एक ही ओवर में प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट करके पंजाब की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। हालांकि, आखिरी ओवरों में अजमतुल्लाह उमरजई ने 17 गेंदों में 38 रन बनाकर पंजाब को 200 के पार पहुंचाया, लेकिन तिलक वर्मा की पारी के आगे यह स्कोर भी छोटा पड़ गया।

पंजाब के लिए बढ़ी मुश्किलें

इस हार के साथ पंजाब किंग्स (PBKS) की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को गहरा झटका लगा है। यह उनकी लगातार पांचवीं हार है। अब अगर उन्हें रेस में बने रहना है, तो अपने बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। वहीं, मुंबई के लिए यह जीत मरहम की तरह है, जिसने उनके गिरते मनोबल को थोड़ा सहारा दिया है।

Also Read
View All