क्रिकेट

Kieron Pollard Clash: IPL में स्टार्क के बाद MLC में सुपर किंग्स को परेशान करते दिखे कीरोन पोलार्ड, बीच मैच में बढ़ा तनाव

Kieron Pollard Clash: आईपीएल में मिचेल स्टार्क के साथ विवाद के लिए चर्चा में रहे कीरोन पोलार्ड ने मेजर लीग क्रिकेट 2026 में टेक्सस सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान फिर सुर्खियां बटोरीं। शुभम रंजने के साथ उनकी नोकझोंक का वीडियो वायरल हो रहा है।

2 min read
Jun 22, 2026
Kieron Pollard, Kieron Pollard Video, Shubham Ranjane, Pollard vs Ranjane, MLC 2026, Major League Cricket, MI New York vs Texas Super Kings, Kieron Pollard Clash,
मेजर लीग क्रिकेट में एक मैच के दौरान कीरोन पोलार्ड और शुभम रंजने के बीच हुई झड़प (Photo - StarSports India)

Kieron Pollard Clash: आईपीएल में मिचेल स्टार्क के साथ मैदान पर हुए चर्चित विवाद को क्रिकेट फैंस आज भी नहीं भूले हैं। अब करीब 12 साल बाद कीरोन पोलार्ड एक बार फिर मैदान पर तनावपूर्ण माहौल का हिस्सा बनते नजर आए। इस बार मामला मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क (MINY) और टेक्सस सुपर किंग्स (TCS) के मुकाबले के दौरान सामने आया।

कैसे बीच मैदान पर भड़के खिलाड़ी?

मैच के दौरान टेक्सस सुपर किंग्स की पारी के 11वें ओवर में शुभम रंजने और मिलिंद कुमार बल्लेबाजी कर रहे थे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी कीरोन पोलार्ड के पास थी। ओवर की दूसरी गेंद पर शुभम ने शॉट खेला और दो रन लेने के लिए दौड़े। इसी दौरान उनकी और पोलार्ड की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कुछ पल के लिए माहौल गर्म हो गया।

इसके बाद पोलार्ड अगली गेंद डालने के लिए रन-अप लेने पहुंचे, लेकिन बीच में ही रुक गए और बल्लेबाज की ओर देखने लगे। जवाब में शुभम रंजने भी क्रीज से हट गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मानसिक मुकाबला कुछ देर तक चलता रहा। मैदान पर बढ़ा यह तनाव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और वीडियो तेजी से वायरल होने लगा।

जब पोलार्ड ने स्टार्क पर फेंका बल्ला

क्रिकेट फैंस को यह घटना 2014 के आईपीएल की याद भी दिला गई, जब मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैच में पोलार्ड और मिचेल स्टार्क के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। उस मुकाबले में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव इतना बढ़ गया था कि मामला मैदान पर बहस तक पहुंच गया था।

हालांकि इस बार विवाद ज्यादा आगे नहीं बढ़ा और मुकाबला एमआई न्यूयॉर्क के नाम रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए टेक्सस सुपर किंग्स 158 रन पर सिमट गई। शुभम रंजने ने 49 रन बनाए। जवाब में निकोलस पूरन ने 46 गेंदों पर 68 रन और मोनांक पटेल ने 46 रन की पारी खेलकर एमआई न्यूयॉर्क को 8 विकेट से जीत दिला दी।

पोलार्ड ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

दिलचस्प बात यह है कि पोलार्ड इन दिनों शानदार फॉर्म में भी हैं। हाल ही में उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। ऐसे में 39 वर्षीय कैरेबियाई स्टार अपने खेल के साथ-साथ मैदान पर होने वाली घटनाओं के कारण भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।