SRH vs KKR: एक हफ्ते के ब्रेक के बाद एक बार फिर केकेआर मैदान पर उतरने को तैयार है। आज रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में उसका सामना एसआरएच से होगा। इस मुकाबले से पहले केकेआर के गेंदबाजी कोच टिम साउदी ने एसआरएच को बड़ा चैलेंज दिया है।
SRH vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अब समीकरण बहुत सीधा सा है। पांच हार, दो जीत और एक रद्द हुए मैच के बाद अब उसे आगे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर मैच जीतना होगा। सिर्फ एक हार उनके अभियान को खत्म कर सकती है। एक हफ्ते के ब्रेक के बाद अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली टीम आज 3 मई की दोपहर फिर से मैदान में उतर रही है। जहां उसका मुकाबला लीग की सबसे मजबूत टीमों में से एक सनराइजर्स हैदराबाद से उनके होम ग्राउंड हैदराबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा।
लंबे ब्रेक पर जाने से पहले केकेआर जबरदस्त लय में थी। उसने राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लगातार दो मैच जीते थे। आज रविवार को होने वाले मैच से पहले केकेआर के बॉलिंग कोच टिम साउदी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि अब हम वहीं से शुरुआत करने के लिए तैयार हैंं, जहां से छोड़ा था।
उन्होंने कहा कि आईपीएल के बीच में थोड़ा समय मिलना बहुत अच्छा रहा। थोड़ा ब्रेक मिलना, तरोताजा होना और फिर से शुरुआत करना अच्छा लगता है। उस ब्रेक से पहले हमने लगातार जीत के साथ लय बना ली थी। इसलिए, उम्मीद है कि हम उस लय को बनाए रख पाएंगे, जो उस छोटे से ब्रेक से पहले के मैचों में हमारे पास थी।
साउदी ने एसआरएच के टॉप ऑर्डर से होने वाले खतरे को स्वीकार किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके गेंदबाज बेवजह चिंतित नहीं हैं। मुझे लगता है कि दोपहर का मैच थोड़ा अलग होता है। जाहिर है, इसमें ओस नहीं होती। हमारे गेंदबाजों के लिए एक ऐसी टीम के खिलाफ खेलना एक रोमांचक चुनौती है, जो इस समय जबरदस्त फॉर्म में है। हम जानते हैं कि यह टीम कितनी खतरनाक रही है, खासकर इसके टॉप तीन बल्लेबाज और फिर क्लासेन जैसे खिलाड़ी और मिडिल ऑर्डर के बाकी खिलाड़ी। मैं इस मैच को अपने गेंदबाजों के लिए एक शानदार मौके के तौर पर देखता हूं।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पहले मैच में (जो हम हार गए थे) हमने काफी अच्छी गेंदबाजी की थी। जब भी आप खतरनाक बल्लेबाजों का सामना करते हैं, तो यह गेंदबाजों के लिए हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है। मुझे पूरा यकीन है कि यहां हम जानते हैं कि विकेट काफी अच्छा है। एक गेंदबाजी ग्रुप के तौर पर इस बड़े मौके को लेकर काफी उत्साहित हैं।
आखिर में साउदी ने इस बात से सहमति जताई कि रविवार दोपहर को उनकी टीम के लिए पावरप्ले का प्रदर्शन काफी अहम होगा। उन्होंने कहा कि इस सीजन में जिन टीमों ने पहले छह ओवरों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छा प्रदर्शन किया है, वे ज्यादातर मौकों पर जीत हासिल करने में सफल रही हैं।