क्रिकेट

IPL 2026: कुलदीप यादव की जमकर हो रही धुनाई, 10 की इकॉनमी से इस सीजना खाये 29 छक्के

कुलदीप ने अब तक 11 मैचों की 10 पारियों में 50.28 की औसत से मात्र सात विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 10.66 की रही है। इस सीजन कुलदीप अब तक 33 ओवर फेंक चुके हैं और अब तक 29 छक्के खाए हैं।

3 min read
May 09, 2026
दिल्ली कैपिटल्स के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव (Photo Credit: IANS)

Kuldeep Yadav, Delhi Capitals, Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। लीग के पहले चरण में शानदार खेल दिखाने वाली दिल्ली टीम दूसरे चरण में लगातार पांच मैच हार चुकी है, जिससे उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं। इस खराब प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह टीम के स्पिन गेंदबाजों का फॉर्म गिरना है। खासकर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव का प्रदर्शन इस सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। कुलदीप को न सिर्फ विकेट मिलने बंद हो गए हैं, बल्कि उनकी जमकर कुटाई भी हो रही है।

ये भी पढ़ें

IPL 2026: लगातार ड्रॉप हो रहे आसान कैच, होटल रूम और डगआउट में देखे गए बाहरी लोग… BCCI को फिर सता रहा फिक्सिंग का भूत!

स्पिनरों का खराब प्रदर्शन

दिल्ली को अपने होम ग्राउंड पर चेन्नई और कोलकाता से हार का सामना करना पड़ा है। इन दो मैचों में दिल्ली के स्पिनर्स ने 16 ओवर में कुल 2 विकेट लिए और 161 रन लुटाए, जबकि विरोधी टीम के स्पिनर्स ने 19 ओवर में 6 विकेट लेकर सिर्फ 117 रन दिए। सबसे बड़ी निराशा कुलदीप यादव से हुई है।

कुलदीप ने अब तक 11 मैचों की 10 पारियों में 50.28 की औसत से मात्र सात विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 10.66 की रही है। इस सीजन कुलदीप अब तक 33 ओवर फेंक चुके हैं और अब तक 29 छक्के खाए हैं। 25 या इससे ज्यादा ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों में कुलदीप की दूसरी से सबसे खराब इकॉनमी है।

ध्यान देने वाली बात ये है कि कुलदीप पावरप्ले में गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। उनके 85% ओवर मिडिल ओवर्स यानी 7 से 15 के बीच में आए हैं। इस सीजन में मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स की औसत इकॉनमी 8.72 रही, जबकि कुलदीप 10.14 पर गेंदबाजी कर रहे हैं।

सिर्फ 5 मैचों में उन्होंने पूरे 4 ओवर डाले

11 मैचों में से सिर्फ 5 मैचों में उन्होंने पूरे 4 ओवर डाले। एक मैच में तो टीम 75 पर ऑलआउट हो गई, इसलिए जरूरत ही नहीं पड़ी। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम ने नीतीश राणा जैसे पार्टटाइम स्पिनर को आजमाया और अक्षर के दो ओवर भी नहीं डलवाए।

जो गेंदबाज ब्रेकथ्रू देने वाला माना जाता है, वो 10 मैचों में से 6 में विकेटलेस रहा। उसका स्ट्राइक रेट 28.28 पहुंच गया है, जबकि करियर में ये 16.8 का रहा है। कुलदीप की खराब फॉर्म सीधे दिल्ली पर भारी पड़ रही है। पिछले साल 2025 में दिल्ली ने शुरुआती 6 मैचों में 5 जीते थे, उस दौरान कुलदीप ने 11 विकेट चटकाए थे। तब उनकी इकॉनमी 6.04 की थी। लेकिन अगले 7 मैचों में उन्हें सिर्फ 4 विकेट मिले और इकॉनमी 8 की हो गई। पिछले साल भी दिल्ली ने दूसरे चरण में पांच मैच हारे थे और प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी।

2025 से लेकर अब तक दिल्ली ने घर में 11 आईपीएल मैच खेले हैं और सिर्फ 2 मुक़ाबले जीते हैं। इसमें से एक-एक सुपर ओवर में जीत हासिल की है। कुलदीप ने इन मैचों में 57 की औसत से 6 विकेट हासिल किए हैं और उनकी इकोनॉमी 9.5 की रही है। टी20 में स्पिनर्स आमतौर पर मैचअप देखकर गेंदबाजी करते हैं। कुलदीप की खासियत रही है कि वो दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ लगभग बराबर सफल रहते आए हैं। लेकिन इस सीजन उन्होंने लेंथ बार-बार मिस की है। ज्यादातर रिएक्टिव गेंदबाजी की, जिससे बल्लेबाज छोटी या ज्यादा लंबी गेंद पर जमकर मार रहे हैं।

शुक्रवार को केकेआर के खिलाफ लेंथ पर डाली गई 11 गेंदों पर 27 रन पड़े। बैक ऑफ लेंथ की 5 गेंदों पर सिर्फ 2 सिंगल। जबकि हाफवे पिच पर डाली गई 10 गेंदों में से 6 पर छक्के लगे। अक्षर पटेल ने अब अगले सीजन को ध्यान में रखते हुए टीम में बदलाव के संकेत दे दिए हैं। खराब फॉर्म के बाद कुलदीप की जगह बेंच पर बैठे दो अनकैप्ड स्पिनिंग ऑलराउंडर्स त्रिपुराना विजय या अजय जादव मंडल को मौका मिल सकता है। दिल्ली के इस आईपीएल में अब सिर्फ तीन मैच बचे हैं।

ये भी पढ़ें

क्या सच में 3.25 करोड़ की घड़ी के लिए रोहित शर्मा पर फैंस ने किया हमला? जानें वायरल VIDEO के पीछे का सच
Updated on:
09 May 2026 02:34 pm
Published on:
09 May 2026 02:26 pm
Also Read
View All